दिल्ली प्रीमियर लीग मैच के एक ओवर में 6 छक्के और फिर आईपीएल में पंजाब किंग्स के लिए डेब्यू करते हुए बल्ले से तूफान मचाने वाले युवा बल्लेबाज प्रियांश आर्या फिर सुर्खियों में हैं. वो इसलिए, क्योंकि एक बार फिर उन्होंने चौके-छक्के लगाते हुए ताबड़तोड़ शतक जड़ दिया. हालांकि, इस बार किसी टी20 लीग में नहीं, बल्कि भारत की जर्सी में यह कमाल किया है. दरअसल, 24 साल के प्रियांश ने इंडिया-ए के लिए खेलते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह शतकीय पारी खेली.
मौका मिलते ही ठोक दिया शतक
प्रियांश आर्य को पहली बार इंडिया-ए की टीम में शामिल किया गया, जिसे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन अनाधिकारिक वनडे मुकाबले खेलने हैं. इंडिया-ए के लिए इस बल्लेबाज ने अपने डेब्यू मैच में ही शतक के साथ दस्तक दी है. पहले मैच में प्रियांश आर्य को ओपनिंग का मौका मिला, जिसे इस युवा ने दोनों हाथों से लपकते हुए विस्फोटक शतक लगा दिया. कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में प्रियांश ने 82 गेंदों में कंगारुओं के खिलाफ यह सेंचुरी बनाई. हालांकि, शतक जड़कर के तुंरत बाद वह आउट हो गए. 84 गेंदों की पारी में प्रियांश ने 101 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और 5 छक्के लगाए.