भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने कहा है कि वेस्टइंडीज टेस्ट सीरीज के दौरान उन्हें उप-कप्तानी मिलने की जानकारी नहीं थी. रवींद्र जडेजा का नाम मौजूदा समय में टेस्ट फॉर्मेट में दुनिया के बेस्ट ऑलराउंडर्स में गिना जाता है. रवींद्र जडेजा ने टेस्ट क्रिकेट में अभी तक 5 शतक और 27 अर्धशतक लगाते हुए 3,886 रन बनाए हैं. रवींद्र जडेजा का हाईएस्ट टेस्ट स्कोर नाबाद 175 रन है. रवींद्र जडेजा टेस्ट क्रिकेट में 330 विकेट भी ले चुके हैं. रवींद्र जडेजा एक पारी में 5 या उससे अधिक विकेट लेने की उपलब्धि 15 बार हासिल कर चुके हैं. 42 रन देकर 7 विकेट उनका बेस्ट बॉलिंग प्रदर्शन है. मौजूदा भारतीय टीम में रवींद्र जडेजा सबसे अनुभवी खिलाड़ी हैं.
‘मुझसे कुछ नहीं कहा गया…’
बीसीसीआई टीवी से बात करते हुए रवींद्र जडेजा ने कहा, ‘उन्होंने (सेलेक्टर्स) मुझसे कुछ नहीं कहा. बस टीम की घोषणा की और मैंने देखा कि मेरे नाम के आगे उप-कप्तान लिखा है, मैं बहुत खुश था. एक खिलाड़ी के तौर पर, जब भी आप टीम मैनेजमेंट, कप्तान और कोच की ओर से किसी तरह का कोई इशारा देखते हैं, तो आपका आत्मविश्वास बढ़ता है. आपको अच्छा प्रदर्शन करने और टीम के साथ अपना अनुभव शेयर करने में हमेशा खुशी होती है.’
उपकप्तान बनने की INSIDE स्टोरी
रवींद्र जडेजा ने आगे कहा, ‘एक खिलाड़ी के तौर पर यह मेरे लिए बहुत खास है. उन्होंने मुझे सम्मान दिया, क्योंकि टीम मैनेजमेंट, कप्तान और कोच ने मुझे कुछ अतिरिक्त जिम्मेदारी देने का फैसला किया है. मुझे यह करने में बहुत खुशी है और जब भी टीम को मेरे अनुभव की जरूरत होती है और योजना के बारे में मुझसे कुछ कहने की जरूरत होती है, तो मैं हमेशा ऐसा करने के लिए तैयार रहता हूं.’
इंग्लैंड दौरे पर किया था शानदार प्रदर्शन
इंग्लैंड टेस्ट सीरीज के दौरान इंजर्ड हुए विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की जगह रवींद्र जडेजा को भारतीय टीम का उप-कप्तान बनाया गया है. रवींद्र जडेजा का इंग्लैंड दौरे पर शानदार प्रदर्शन रहा था. उन्होंने 86 की बेहतरीन औसत से 516 रन बनाए थे, जिसमें 1 शतक और 5 अर्धशतक शामिल थे.