क्रिकेट अनिश्चितताओं और रोमांच का खेल है. क्रिकेट में कभी भी और किसी भी पल कुछ भी ऐसा हो सकता है, जो होश उड़ाकर रख देगा. टी20 क्रिकेट में किसी भी बल्लेबाज के लिए दोहरे शतक के बारे में सोचना भी मुश्किल है और ज्यादातर लोगों को ये बात मजाक भी लगे, लेकिन इस 20-20 ओवर के फॉर्मेट में ये असंभव सा दिखने वाला रिकॉर्ड भी बन चुका है. एक बल्लेबाज ने क्रिकेट के मैदान पर एक बार भीषण तबाही मचाई और टी20 क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक जड़ने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया.
टी20 क्रिकेट का सबसे तेज दोहरा शतक
सिंगापुर के एक बल्लेबाज ने टी20 क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक जड़ते हुए 56 गेंदों पर 219 रन ठोक दिए. सिंगापुर के बल्लेबाज सागर कुलकर्णी ने साल 2008 में खेले गए एक टी20 मैच में मरीना क्लब के लिए 56 गेंदों पर 219 रन बनाए. सागर कुलकर्णी ने अपनी इस कातिलाना पारी में 23 चौके और 18 छक्के उड़ाए. सिंगापुर के बल्लेबाज सागर कुलकर्णी टी20 क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले पहले क्रिकेटर भी हैं. मरीना क्लब की ओर से खेलते हुए सागर कुलकर्णी ने इस क्लब मैच में तहलका मचाकर रख दिया. सागर कुलकर्णी की पारी के दम पर उनकी टीम मरीना क्लब ने 20 ओवरों में 368/3 का विशाल स्कोर खड़ा किया.
इस खूंखार बल्लेबाज ने रचा इतिहास
सागर कुलकर्णी की इस ऐतिहासिक पारी के दौरान ज्यादातर समय उनके साथी मुलेवा धर्मीचंद ने बल्लेबाजी की, जिन्होंने 44 गेंदों पर 89 रन बनाए. मुलेवा धर्मीचंद ने कहा, ‘सागर का सबसे शानदार शॉट एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से लगाया गया छक्का था, जो कलंग मैदान से बाहर नेटबॉल कोर्ट में गया.’ सागर कुलकर्णी ने तब एशियाई क्रिकेट परिषद को बताया था, ‘मैं नियमित क्रिकेट में 1 और 2 पर बैटिंग के लिए जाता हूं, लेकिन मैं हर तरफ शॉट भी खेल सकता हूं, जिस तरह से मैंने बल्लेबाजी की, उससे मैं भी हैरान था. यह एक शानदार एहसास है और मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि मैं यह उपलब्धि हासिल कर पाऊंगा, खासकर तब जब वर्ल्ड क्रिकेट में किसी ने ऐसा नहीं किया है.’
टी20 क्रिकेट में किस-किसने ठोका दोहरा शतक
सागर कुलकर्णी के बाद तीन और बल्लेबाजों ने टी20 क्रिकेट में दोहरा शतक जड़ने का कमाल किया है. सागर कुलकर्णी ने साल 2008 में टी20 क्रिकेट के इतिहास का पहला दोहरा शतक ठोका था. इसके बाद साल 2021 में दिल्ली के सुबोध भाटी ने इंटर क्लब टी20 मैच में सिम्बा के खिलाफ 259.49 के स्ट्राइक रेट से 79 गेंदों पर 205 रन बनाए थे. सुबोध भाटी ने इस दौरान 17 चौके और 17 छक्के जमाए थे. साल 2022 में वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर रहकीम कॉर्नवाल ने अमेरिका में अटलांटा ओपन टी20 लीग 2022 में दोहरा शतक ठोका था. रहकीम कॉर्नवाल ने इस दौरान अटलांटा फायर टीम के लिए 266.23 की स्ट्राइक रेट से 77 गेंदों में 205 रन बनाए. रहकीम कॉर्नवाल की पारी में 17 चौके और 22 छक्के शामिल थे. अप्रैल 2024 में प्रिंस अलापट नाम के एक बल्लेबाज ने त्रिशूर डिस्ट्रिक्ट ‘बी’ डिवीजन लीग में ऑक्टोपल्स क्रिकेट क्लब के लिए खेलते हुए उद्भव स्पोर्ट्स क्लब के खिलाफ 75 गेंदों पर 200 रन ठोक दिए. प्रिंस अलापट ने इस दौरान 23 चौके और 15 छक्के लगाए.