IND vs WI 1ST TEST: भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहला टेस्ट अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है. पहले दिन के खेल में भारतीय खिलाड़ी छाए रहे. पहले मेहमानों को दो सेशन के अंदर 162 रन ढेर कर दिया, फिर बल्लेबाज ने स्टंप्स तक शानदार खेल दिखाया. मोहम्मद सिराज पारी में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने. उन्होंने चार शिकार किए, जबकि जसप्रीत बुमराह और कुलदीप यादव ने उनका बखूबी साथ दिया. बुमराह ने तीन विकट झटके और कुलदीप के खाते में दो विकेट आए. इसके वाशिंगटन सुंदर को एक सफलता मिली. बुमराह पहले दिन के खेल के दौरान एक बड़ा रिकॉर्ड नाम कर लिया.
162 रन पर ढेर हुई विंडीज टीम
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला करने वाली वेस्टइंडीज 162 पर सिमट गई. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में शर्मनाक हार झेलने के बाद वेस्टइंडीज की खराब फॉर्म का सिलसिला भारत के खिलाफ भी जारी रहा. विंडीज का कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देक क्रीज पर नहीं टिक पाया. नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और पूरी टीम 44.1 ओवर में 162 के स्कोर पर सिमट गई. जस्टिन ग्रीव्स ने 32, शाई होप ने 26 और कप्तान रॉस्टन चेज ने 24 रन बनाए.
भारत की दमदार बॉलिंग
भारत की तरफ से जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज की जोड़ी वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों के लिए घातक साबित हुई. पारी की शुरुआत में सिराज बुमराह से भी ज्यादा असरदार रहे. सिराज ने 14 ओवर में 40 रन देकर 4 विकेट लिए. जसप्रीत बुमराह ने 14 ओवर में 42 रन देकर 3 विकेट लिए. कुलदीप यादव ने 6.1 ओवर में 25 रन देकर 2 विकेट लिए. वाशिंगटन सुंदर को भी एक विकेट मिला. अंपायर्स ने समय से पहले ही चायकाल का ऐलान किया.
बुमराह ने बनाया ये रिकॉर्ड
दरअसल, बुमराह ने तीन विकेट लेकर भारतीय धरती पर अपने 50 टेस्ट विकेट पूरे किए. उन्होंने भारत में टेस्ट मैचों में विकेटों का यह अर्धशतक सबसे तेज पूरा किया. बुमराह जवागल श्रीनाथ के साथ संयुक्त रूप से भारत में सबसे तेज 50 टेस्ट विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज बन गए हैं. बुमराह ने अपनी 24वीं पारी में यह उपलब्धि हासिल की, जबकि जवागल श्रीनाथ ने भी इतनी ही पारियों में 50 विकेट पूरे किए थे. इनके बाद कपिल देव इस लिस्ट में, जिन्होंने 25वीं टेस्ट पारी में भारत में खेलते हुए विकेटों की फिफ्टी लगाई.
— Johns. (@CricCrazyJohns) October 2, 2025
सबसे तेज 50 टेस्ट विकेट पूरे करने वाले भारतीय तेज गेंदबाज (भारत में खेलते हुए)
जसप्रीत बुमराह – 24 पारी
जवागल श्रीनाथ – 24 पारी
कपिल देव – 25 पारी
इशांत शर्मा – 27 पारी
मोहम्मद शमी – 27 पारी