बैतूल के आमला थाना क्षेत्र के ग्राम ससुन्दरा में शुक्रवार दोपहर एक युवक तालाब में डूब गया। मूर्ति विसर्जन से पहले नहाने गया यह युवक देर रात तक नहीं मिल सका। एसडीआरएफ (SDRF) बैतूल की टीम मौके पर पहुंचकर तालाब में उसकी तलाश कर रही है।
.
जानकारी के अनुसार, ग्राम ससुन्दरा निवासी 28 वर्षीय कैलाश धोटे अपने 6-7 दोस्तों के साथ हनुमान मंदिर के पास बने तालाब में नहाने गया था। ग्राम कोटवार महेश ने बताया कि पहले सभी युवक पानी में दिख रहे थे, लेकिन कुछ देर बाद कैलाश दिखाई नहीं दिया। पहचान करने पर पता चला कि वह डूब गया है।
कोटवार महेश ने यह भी बताया कि उसने कैलाश को तालाब में उतरने से मना किया था, क्योंकि वह नशे की हालत में था। बाद में तालाब किनारे उसकी चप्पल मिली। घटना की सूचना मिलने पर आमला पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया।
एसडीआरएफ टीम ने तालाब में सर्च ऑपरेशन शुरू किया, जो देर रात तक जारी रहा। घटना की जानकारी मिलने पर आमला तहसीलदार भी मौके पर पहुंचीं। कैलाश के परिवार में उनके पिता माधवराव धोटे, भाई प्रहलाद धोटे और बहनें आशा (पति संतोष धोटे) व ज्योति (पति पर्वतराव नवांगे) शामिल हैं।