Last Updated:
Diwali House Painting Tips: घर की दीवारों पर जमे कालेपन और जिद्दी दागों से परेशान हो चुके हैं, तो बेकिंग सोडा बहुत मददगार साबित हो सकता है. इसके लिए बेकिंग सोडा में थोड़ा पानी मिलाकर पेस्ट बना लें और फिर इसे दाग वाली जगह पर लगाएं.
सतना. त्योहारों का मौसम करीब है और घर-घर में सफाई का दौर शुरू हो चुका है. वहीं दीवाली से पहले लोग घर की पुताई करवाने में समय और पैसे खर्च करते हैं ताकि घर बिल्कुल नया और सुंदर दिखे लेकिन अगर आप हर साल पुताई पर मोटी रकम खर्च करने से बचना चाहते हैं, तो कुछ घरेलू नुस्खों की मदद से आप मिनटों में दीवारों की गंदगी साफ कर सकते हैं. ये तरीके न सिर्फ किफायती हैं बल्कि दीवारों को चमकदार और बेदाग भी बना देते हैं. आइए जानते हैं घर की दीवारों को साफ करने के पांच आसान टिप्स.
अगर आपके घर की दीवारें वॉशेबल हैं, तो सफाई बेहद आसान है. आपको बस एक स्क्रब या स्पंज पर हल्का साबुन लगाकर दीवारों को रगड़ना है. चाहें तो आप मार्केट में उपलब्ध वॉल क्लीनर का इस्तेमाल भी कर सकते हैं. वहीं घर पर ही वॉल क्लीनर बनाने के लिए गुनगुने पानी में थोड़ा डिटर्जेंट और नींबू का रस मिलाएं. इस स्प्रे को दीवारों पर छिड़कें और हल्के हाथों से रगड़ें. नतीजा यह होगा कि दीवारों के दाग-धब्बे तुरंत गायब हो जाएंगे.
बेकिंग सोडा- दीवारों का जादुई क्लीनर
घर की दीवारों पर जमे कालेपन और जिद्दी दागों से परेशान हैं, तो बेकिंग सोडा आपका सबसे बड़ा सहारा है. इसके लिए बेकिंग सोडा और पानी का पेस्ट बनाकर दाग वाली जगह पर लगाएं. कुछ देर बाद कपड़े या स्पंज से रगड़कर साफ करें. इससे दीवारों का दाग आसानी से हट जाएगा और आपकी दीवारें फिर से चमकदार नजर आएंगी.
टूथपेस्ट से चमकाएं दीवार
आपको जानकर हैरानी होगी कि टूथपेस्ट भी दीवारों की सफाई में काम आता है. खासतौर पर जेल वाले टूथपेस्ट से आप दाग साफ कर सकते हैं. इसके लिए टूथपेस्ट को दाग वाली जगह पर लगाएं और कुछ मिनट बाद साफ कपड़े से पोंछ दें. इससे दीवार पर लगे दाग गायब हो जाएंगे और आपकी दीवारें बिल्कुल नई जैसी दिखेंगी.
सिरके का स्प्रे- मिनटों में असर
अगर दीवारों की गंदगी हटाना मुश्किल लग रहा है, तो सफेद सिरके का स्प्रे ट्राई करें. इसके लिए बराबर मात्रा में सिरका और पानी मिलाकर स्प्रे बोतल में डाल लें. अब इसे दीवारों पर छिड़कें और कपड़े से पोंछ लें. यह तरीका न केवल दाग हटाने में कारगर है बल्कि दीवारों की चमक भी वापस लाता है.
डिश सोप से करें फाइनल टच
घर की दीवारों को बिल्कुल साफ और चमकदार बनाने के लिए डिश सोप का प्रयोग करें. इसके लिए एक कप पानी में एक चम्मच डिश सोप और एक चम्मच सिरका मिलाएं. इस मिश्रण को दीवारों पर स्प्रे करें और कपड़े से रगड़कर साफ कर दें. इससे दीवारों का मैल और दाग तुरंत हट जाएंगे और घर की रौनक लौट आएगी.
त्योहारों में घर को सजाने और नया लुक देने के लिए हर बार पुताई करवाना जरूरी नहीं है. इन आसान और घरेलू नुस्खों से न केवल आपका पैसा बचेगा बल्कि आपके घर की दीवारें भी बिल्कुल नई जैसी चमकने लगेंगी. इस बार दीवाली पर इन तरीकों को जरूर अपनाएं और बिना ज्यादा खर्च किए अपने घर को शानदार बनाएं.
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.