मंडला में शरद पूर्णिमा पर कृषि उपज मंडी और बड़ी खैरी दुर्गोत्सव समिति ने प्रतिमा विसर्जन का चल समारोह निकाला। इस आयोजन को देखने के लिए जिलेभर से हजारों लोग पहुंचे, जिससे सड़कों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
.
चल समारोह में आकर्षक बैंड, लेजर साउंड सिस्टम, डीजे, धमाल और रंगारंग प्रस्तुतियां शामिल थीं। धार्मिक और सांस्कृतिक झांकियों ने भी दर्शकों का मन मोहा। लोग दुकानों, घरों और छतों से प्रतिमाओं के दर्शन करते नजर आए।
चल समारोह में झांकियां भी निकली
बड़ी खैरी स्थित श्री सिद्ध दुर्गोत्सव समिति की स्थापित विद्या महाशक्ति पीठ का विसर्जन चल समारोह दोपहर बाद शुरू हुआ। इसमें छत्तीसगढ़ से आई अखंड महाकाली झांकी, प्रसिद्ध सुनील ब्रश बैंड, नागपुर का जेबी ढोल और भूतनाथ शंकर जी की चलित झांकी मुख्य आकर्षण रहीं।
इसके अतिरिक्त, प्रसिद्ध किशन डीजे का 40 हजार वॉट साउंड सिस्टम और मुंबई से आए रंगोली कलाकारों की प्रस्तुतियां भी विशेष आकर्षण का केंद्र बनीं।
शरद पूर्णिमा पर कृषि उपज मंडी की महारानी का विसर्जन चल समारोह सालों से आकर्षण का केंद्र रहा है। इस साल भी शोभायात्रा में धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों की झलक देखने को मिली, जिसमें भजन मंडली, स्मोक शो, साउंड शो और रंगारंग इवेंट्स ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।

पूरे नवरात्रि भर आकर्षण का केंद्र बनीं ये प्रतिमाएं जब विसर्जन के लिए निकलीं, तो उनके दर्शन के लिए जिलेभर से श्रद्धालु उमड़ पड़े। कोष्ठा मोहल्ला की महाकाली और सब्जी मंडी सहित नगर की विभिन्न प्रतिमाओं का भी शरद पूर्णिमा पर विसर्जन किया गया।
प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। चल समारोह मार्ग में पुलिस बल तैनात रहा और प्रतिमाओं के साथ सुरक्षाकर्मी भी चल रहे थे। नाव घाट स्थित विसर्जन कुंड पर नगर पालिका का अमला मुस्तैद रहा।

