Indian Cricket Team: टीम इंडिया की काया हर सीरीज में बदलती नजर आ रही है. आईपीएल के बीच रोहित शर्मा और विराट कोहली ने टेस्ट फॉर्मेट से संन्यास लिया तो टेस्ट टीम बदल गई. अब वनडे में भी बदलाव साफ झलक रहा है. चारों तरफ रोहित की कप्तानी जाने के चर्चे थे, लेकिन चैंपियंस ट्रॉफी के टॉप विकेट टेकर्स को स्क्वाड में जगह भी नहीं मिली.
गिल बने नए कप्तान
वनडे में रोहित की कप्तानी में टीम इंडिया ने चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया था. लेकिन अब मालूम होता है कि रोहित की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है. टेस्ट के बाद वनडे में भी शुभमन गिल को टीम की कमान सौंप दी गई. सेलेक्टर्स पर सवालों की बौछार हो गई, लेकिन रोहित की कप्तानी के शोर के बीच उन प्लेयर्स की गैरमौजूदगी फीकी पड़ गई जो चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में टॉप विकेट टेकर्स की लिस्ट में रहे थे.
वनडे सीरीज से पत्ता साफ
हम बात कर रहे हैं वरुण चक्रवर्ती और मोहम्मद शमी की. दोनों ही खिलाड़ियों को चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में शामिल किया गया. शमी बुमराह के रिप्लेसमेंट थे और 5 मैच में 9 विकेट लेकर चैंपियंस ट्रॉफी में दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे. वरुण चक्रवर्ती ने ये कारनामा महज 3 मैच में ही कर दिखाया था. इन शानदार आंकड़ों के बाद भी ऑस्ट्रेलिया टूर पर दोनों को शामिल नहीं किया गया है.
ये भी पढे़ं.. जल्द एक्शन में दिखने वाले हैं ऋषभ पंत… फिटनेस पर आया बड़ा अपडेट, चल रही इस मैच की तैयारी
हुए ये 5 बदलाव
चैंपियंस ट्रॉफी के स्क्वाड की तुलना अगर ऑस्ट्रेलिया टूर के स्क्वाड से करें तो 5 बड़े बदलाव देखने को मिले हैं. रवींद्र जडेजा का भी पत्ता वनडे सीरीज से साफ हो चुका है. वरुण, जडेजा और शमी इन 3 प्लेयर्स को बाहर रखा गया. वहीं, हार्दिक पांड्या और ऋषभ पंत भी टीम का हिस्सा नहीं हैं. लेकिन उनके बीच इंजरी रोड़ा बन गई, जिसके चलते वह दोनों बाहर हुए. टीम में यशस्वी जायसवाल, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, नीतीश कुमार रेड्डी और ध्रुव जुरेल को शामिल किया गया है जो चैंपियंस ट्रॉफी का हिस्सा नहीं थे.