सतना जिले की नागौद पुलिस ने महिलाओं से तंत्र-मंत्र के नाम पर गहने और नकदी ठगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के एक सदस्य को उत्तर प्रदेश के कालिंजर से गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 47 हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं। वह हाल ही में सतना में हुई ठगी की एक
.
मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से की थी ठगी
यह मामला 28 सितंबर का है। नागौद के नायब तहसीलदार राजेंद्र प्रसाद माझी की पत्नी शशि प्रभा माझी सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं। तभी एसडीएम बंगले के पास दो ठगों ने उन्हें “भौतिक बाधा” और “देवी दर्शन” का झांसा देकर सोने-चांदी के आभूषण उतरवा लिए और फरार हो गए।
उत्तराखंड से यूपी तक पहुंची पुलिस
घटना के बाद एसपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी पर ₹5,000 का इनाम घोषित किया। टीआई अशोक पांडेय के नेतृत्व में जब जांच की गई तो ठगों का लिंक उत्तराखंड से जुड़ा पाया गया। इसके बाद टीम उधमसिंहनगर पहुंची और फिर सुराग मिलने पर बांदा जिले के कालिंजर में दबिश देकर आबिद हुसैन (19) निवासी ठंडानाला-कोपा, उत्तराखंड को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आबिद ने मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों में अपने साथी शहजाद के साथ मिलकर महिलाओं से इसी तरह की ठगी करने की बात कबूल की है।
गहने बेचकर मिली नकदी जब्त
पुलिस ने आबिद के पास से गहने बेचकर प्राप्त की गई ₹47,000 नकद राशि जब्त की है। उसे सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आबिद ने यह भी कबूल किया कि उसने नायब तहसीलदार की पत्नी से ठगी के अगले दिन सतना के कोलगवां थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला को भी निशाना बनाया था।
पुरानी घटनाओं का भी खुलासा
पुलिस पूछताछ में आबिद ने और भी ठगी की वारदातों का खुलासा किया है। उसने बताया कि फरवरी 2025 में सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मास्टर प्लान एरिया में और फिर 5 फरवरी को नागौद कस्बे में प्रविता सिंह नाम की महिला से तंत्र-मंत्र के डर से नकदी और गहने ठगे थे।
वह ठगे गए गहनों को साथी शहजाद के साथ मिलकर बेच चुका है और पैसे खर्च कर दिए हैं। पुलिस अब फरार शहजाद की तलाश कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी सतना के अन्य थानों के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों की पुलिस को भी भेजी जा चुकी है।