रायसेन के हांथी कुंड बर्रुखार में डूबने से 22 वर्षीय युवक केशब सिंह चौहान की मौत हो गई। केशब अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया था, जहां बुधवार शाम करीब 5 बजे नहाते समय यह हादसा हुआ। मृतक ग्राम वनगवा का निवासी था। पिछले साल युवक की शादी हुई थी।
.
जानकारी के अनुसार, केशब नहाते वक्त अचानक गहराई में चला गया और डूब गया। उसके साथियों ने तुरंत 112 डायल पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की मदद से युवक को जिला अस्पताल रायसेन पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक का शव मॉर्चुरी रूम में सुरक्षित रखवाया गया है, पोस्टमॉर्टम गुरुवार सुबह किया जाएगा, इसके बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हांथी कुंड में बिना बरसात के मौसम में भी कई हादसे हो चुके हैं। पानी की गहराई और फिसलन भरे पत्थरों के कारण लोग अक्सर संतुलन खो देते हैं। प्रशासन ने लोगों से बिना सुरक्षा व्यवस्था के ऐसे जलाशयों में न जाने की अपील की है।