Rohit Sharma vs Ajit Agarkar: भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा इन दिनों लगातार सुर्खियों में हैं. वह टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट से संन्यास ले चुके हैं, लेकिन वनडे में अभी सक्रिय हैं. रोहित का सेलेक्शन ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए हुआ है. वह चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में जीत के बाद पहली बार वनडे खेलते हुए नजर आएंगे. तब रोहित कप्तान थे, लेकिन अब वह बतौर प्लेयर उतरेंगे. उनकी जगह युवा खिलाड़ी शुभमन गिल को कमान सौंपी गई है और वह टीम को आगे लेकर जाएंगे.
सोशल मीडिया पर घमासान
रोहित को कप्तानी से हटाए जाने के बाद कोच गौतम गंभीर और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर हिटमैन के फैंस के निशाने पर आ गए. इन दोनों को पूर्व कप्तान के दुश्मन के तौर पर देखा जा रहा है. अगरकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोहित की जगह शुभमन गिल को कप्तान नियुक्त किए जाने का ऐलान किया था. सोशल मीडिया पर उन्हें लगातार ट्रोल किया जा रहा है. यहां तक कि आईपीएल में उनकी गेंदबाजी का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें रोहित शर्मा और डेक्कन चार्जर्स के अन्य बल्लेबाजों ने उनके खिलाफ जमकर रन बनाए थे.
अगरकर का आईपीएल करियर
अगरकर आईपीएल में कोलकाता नाइटराइडर्स और दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) के लिए खेले हैं. उन्होंने 42 मुकाबलों में 29 विकेट लिए. अगरकर का आखिरी आईपीएल मैच दिल्ली के लिए 2013 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ था. सोशल मीडिया पर लोगों ने जो वीडियो शेयर किया है उसमें वह कोलकाता के लिए खेल रहे हैं और उनके सामने डेक्कन चार्जर्स की टीम थी. आखिरी गेंद तक चले उस रोमांचक मुकाबले में डेक्कन को जीत मिली थी.
ये भी पढ़ें: ODI में रोहित से भी तेज दोहरा शतक… 24 चौकों और 10 छक्कों से मचाई तबाही, फिर करुण नायर की तरह रूठी किस्मत
आमने-सामने हुए थे रोहित और अगरकर
डेक्कन के कप्तान एडम गिलक्रिस्ट थे और रोहित शर्मा उस टीम में फिनिशर की भूमिका निभाते थे. 2009 आईपीएल के 48वें मुकाबले में रोहित और अगरकर आमने-सामने हुए थे. कोलकाता ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 160 रन बनाए. उसके लिए ब्रैड हॉज ने 41 गेंद पर 48 और डेविड हसी ने 17 गेंद पर 43 रन की पारी खेली. सौरव गांगुली ने 41 गेंद पर 33 और ब्रैंडन मैकुलम ने 18 गेंद पर 20 रन बनाए थे. डेक्कन के लिए रयान हैरिस ने 2 विकेट लिए थे. एंड्रयू साइमंड्स और रोहित शर्मा को एक-एक सफलता मिली थी.
रोहित ने अगरकर को मारा था चौका
डेक्कन को 161 रनों का लक्ष्य मिला था. एडम गिलक्रिस्ट और हर्षल गिब्स ने 9.2 ओवरों में पहले विकेट के लिए 68 रनों की साझेदारी की. गिलक्रिस्ट 43 और गिब्स 28 रन बनाकर आउट हो गए. उसे जीत के लिए आखिरी 4 ओवरों में 48 रन चाहिए थे. अगरकर 17वां ओवर फेंकने आए. इससे पहले दो ओवरों में उन्होंने 21 रन दिए थे. इस ओवर की पहली गेंद पर साइमंड्स ने दो रन लिए और अगली बॉल पर टी सुमन (31 रन) रन आउट हो गए. साइमंड्स ने फिर चौथी गेंद पर छक्का मारा और अगली बॉल पर सिंगल ले लिया. सुमन के बाद क्रीज पर उतरे रोहित शर्मा को पहली बार स्ट्राइक मिली और उन्होंने अगरकर के ओवर की आखिरी बॉल पर चौका मारकर शानदार शुरुआत की. इसके बाद साइमंड्स 18 रन बनाकर अगले ओवर में रन आउट हो गए.
ये भी पढ़ें: कप्तानी जाने के तुरंत बाद रोहित शर्मा ने गौतम गंभीर से ले लिया बदला! राहुल द्रविड़ का नाम लेकर दिया विस्फोटक बयान
अगरकर ने लगातार लुटाए रन
अब डेक्कन को आखिरी 2 ओवरों में 27 रनों की जरूरत थी. अगरकर फिर गेंदबाजी के लिए आए और छह रन देकर अपने स्पैल को समाप्त किया. वह जब अपना पहला ओवर फेंकने आए तो 9 रन दिए थे. वह डेक्कन की पारी का आठवां ओवर था. उसमें गिलक्रिस्ट ने उन्हें एक चौका लगाया था. इसके बाद 14वें ओवर में आए तो टी सुमन ने दो चौके मार दिए. इस बार अगरकर ने 12 रन लुटाए. इस तरह अपने पहले दो ओवरों में उन्होंने 21 और आखिरी दो ओवरों में 20 रन दिए.
रोहित ने मैच को किया फिनिश
आखिरी ओवर में डेक्कन को जीत के लिए 21 रनों की जरूरत थी. कोलकाता के लिए मशरफे मुर्तजा गेंदबाजी के लिए आए. रोहित ने पहली गेंद पर चौका मारा. अंपायर ने इसे नो-बॉल करार दिया तो डेक्कन को 5 रन मिल गए. इसके बाद रोहित ने फ्री हिट पर एक रन लिया और फिर वेणुगोपाल राव ने दूसरी बॉल पर सिंगल लिया. रोहित ने तीसरी बॉल को बाउंड्री के बाहर भेजकर 6 रन बटोर लिए. मुर्तजा ने फिर वाइड फेंकी और हिटमैन ने चौथी बॉल पर सिंगल ले लिया. इस तरह आखिरी 2 गेंदों पर 5 रनों की दरकार थी. रोहित ने पांचवीं बॉल पर चौका मारकर स्कोर बराबर कर दिया और फिर छठी गेंद पर छक्के से मैच को फिनिश कर दिया. वह 13 बॉल पर 32 रन बनाकर नाबाद रहे. उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.