अमरपाटन वकील संघ का धतूरा में भूख हड़ताल: मैहर कलेक्ट्रेट भवन निर्माण को लेकर विरोध तेज; प्रशासन से पुनर्विचार की मांग – Maihar News

अमरपाटन वकील संघ का धतूरा में भूख हड़ताल:  मैहर कलेक्ट्रेट भवन निर्माण को लेकर विरोध तेज; प्रशासन से पुनर्विचार की मांग – Maihar News


अमरपाटन वकील संघ के सदस्य विरोध में मसाल लेकर शामिल हुए।

मैहर जिले के मुख्यालय भवन निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्राम धतूरा में भूमि पूजन के बाद अमरपाटन वकील संघ ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है।

.

मैहर जिले के गठन को दो वर्ष पूरे हो चुके हैं। 5 अक्टूबर को स्थापना दिवस के अवसर पर मैहर-कटनी मार्ग पर स्थित ग्राम धतूरा में नए कलेक्ट्रेट भवन का भूमि पूजन किया गया था। धतूरा मैहर से लगभग 8 किलोमीटर दूर है।

रामनगर क्षेत्र के लोगों को असुविधा होगी

अमरपाटन वकील संघ का कहना है कि पूर्व में कलेक्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक कार्यालय के लिए मैहर-अमरपाटन के बीच सिद्ध बाबा पहाड़ी क्षेत्र निर्धारित किया गया था। संघ के अनुसार, धतूरा में अचानक भूमि पूजन से अमरपाटन और रामनगर क्षेत्र के लोगों को असुविधा होगी।

संघ का तर्क है कि क्षेत्रफल और जनसंख्या की दृष्टि से अमरपाटन और रामनगर मैहर से बड़े हैं। इसलिए, जिला मुख्यालय मैहर और अमरपाटन के मध्य स्थापित होना चाहिए। 5 अक्टूबर को गौरव दिवस कार्यक्रम में सांसद गणेश सिंह और प्रभारी मंत्री राधा सिंह ने ग्राम धतूरा में नए कलेक्ट्रेट भवन का शिलान्यास किया था, जिसके बाद अमरपाटन विधानसभा क्षेत्र में विरोध तेज हो गया।

सर्वदलीय बैठक में स्थानीय समाज निर्माण स्थल पर पुनर्विचार की मांग किया।

समाज संगठनों ने भूख हड़ताल का समर्थन दिया

चार दिनों से चल रही इस भूख हड़ताल को अब व्यापारियों, सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों का समर्थन मिल रहा है। बुधवार शाम अमरपाटन में एक सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। इसमें नगर परिषद अध्यक्ष समर सिंह, रामनगर परिषद अध्यक्ष दीपा मिश्रा सहित विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि और वकील संघ के सदस्य शामिल हुए।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि कलेक्ट्रेट भवन मैहर से 8 किलोमीटर दूर न बनाकर, उसे मैहर और अमरपाटन के मध्य क्षेत्र में स्थापित किया जाए। यह भी तय हुआ कि सभी विभागीय कार्यालय भी वहीं बनाए जाएं। प्रतिनिधियों ने कलेक्टर मैहर को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया है। संघ ने चेतावनी दी है कि जब तक प्रशासन निर्माण स्थल पर पुनर्विचार नहीं करता, अमरपाटन में विरोध प्रदर्शन और भूख हड़ताल जारी रहेगी।



Source link