उज्जैन में किसानों ने आभार ट्रैक्टर रैली निकाली।
उज्जैन में रविवार को सैकड़ों किसानों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करने के लिए ट्रैक्टर और हार्वेस्टर रैली निकाली। यह रैली सोयाबीन फसल पर भावांतर योजना का लाभ देने के लिए आयोजित की गई थी।
.
प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गई भावांतर योजना के तहत, यदि सोयाबीन की फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) से कम कीमत पर बिकती है, तो सरकार किसानों को विक्रय मूल्य और MSP के अंतर की राशि सीधे प्रदान करेगी। इस योजना के लिए किसानों का पंजीयन भी किया जा रहा है।
ट्रैक्टर रैली के सामने पीएम मोदी और सीएम डॉ. यादव की तस्वीर लगी थीं।
इसके अतिरिक्त, मध्य प्रदेश सरकार ने सोयाबीन की पीला मोजेक रोग से खराब हुई फसल का भी त्वरित संज्ञान लेते हुए सर्वे शुरू करवाया है। इन कदमों से उज्जैन और आसपास के किसान मुख्यमंत्री के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करने के लिए बड़ी संख्या में एकत्रित हुए।
यह रैली आगर रोड स्थित कृषि उपज मंडी प्रांगण से शुरू होकर आगर रोड, चामुंडा माता चौराहा, फ्रीगंज ओवर ब्रिज होते हुए तीन बत्ती चौराहा से दशहरा मैदान पहुंची। रैली में सैकड़ों की संख्या में ट्रैक्टर और हार्वेस्टर मशीनें शामिल थीं, जिन पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करने वाले संदेश लगे थे। रैली के कारण शहर के कई मार्गों पर जाम की स्थिति भी बनी रही।

रैली में इस तरह से ट्रैक्टरों की लाइनें लग गईं।

रैली में ट्रैक्टरों पर भगवा झंडा भी लगाया गया।