कलेक्टर ने ‘स्वच्छता की दीपावली’ अभियान शुरू किया: शहर का निरीक्षण किया, हिमांशु चंद्रा ने साफ-सफाई के दिए निर्देश – Neemuch News

कलेक्टर ने ‘स्वच्छता की दीपावली’ अभियान शुरू किया:  शहर का निरीक्षण किया, हिमांशु चंद्रा ने साफ-सफाई के दिए निर्देश – Neemuch News


दीपावली त्योहार से पहले, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर जिला प्रशासन ने ‘स्वच्छता की दीपावली’ नामक 10 दिवसीय विशेष अभियान शुरू किया है। यह अभियान आज से प्रारंभ हुआ है, जिसका उद्देश्य शहर और जिले को स्वच्छ बनाना है।

.

अभियान के पहले दिन कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने अधिकारियों के साथ शहर का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने भारत माता चौराहा, बस स्टैंड, सब्जी मंडी, मूलचंद्र मार्ग और दशहरा मैदान जैसे प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान, कलेक्टर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) और अन्य अधिकारियों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए कड़े निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से मुख्य बाजारों और बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थलों पर गहन साफ-सफाई अभियान चलाने पर जोर दिया, ताकि शहर स्वच्छ और सुंदर बन सके।

कलेक्टर चंद्रा ने बताया कि यह अभियान केवल शहरी क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे जिले में लागू होगा। इसमें सभी नगर पालिका, नगर परिषद और ग्राम पंचायतें शामिल होंगी। उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों से इस अभियान को सफल बनाने और सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

इस निरीक्षण के दौरान कलेक्टर के साथ एस.डी.एम. संजीव साहू, नपा सी.एम.ओ. दुर्गा बामनिया, डिप्टी कलेक्टर पराग जैन, स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टांक और जनसंपर्क अधिकारी जगदीश मालवीय सहित नगर पालिका के कई कर्मचारी उपस्थित थे।



Source link