दीपावली पर्व के मद्देनजर उज्जैन के खाद्य एवं औषधि विभाग ने शहर में शुद्ध खाद्य सामग्री सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार सुबह से कार्रवाई तेज कर दी है। विभाग की टीम ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए लगभग 200 किलोग्राम मावा और 30 लीटर घी जब्त किया है।
.
हालांकि, एक व्यापारी के सामने आने के बाद 75 किलोग्राम मावा और 30 लीटर घी के नमूने लेकर उसे वापस सौंप दिया गया, जबकि लगभग एक क्विंटल मावा लावारिस मिला।
ई-रिक्शा से जब्त किया मावा
खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम ने मंगलवार को आगर रोड स्थित गाड़ी अड्डा चौराहे पर एक ई-रिक्शा से 75 किलोग्राम मावा और दो कंटेनरों में रखा 30 लीटर घी जब्त किया। खाद्य अधिकारी बसंतदत्त शर्मा ने बताया कि यह मावा और घी जय श्री महाकाल डेयरी, ऐरवास गांव से आया था, जिसे लेने के लिए संदीप आंजना नामक व्यक्ति उपस्थित हुआ।
विभाग की टीम ने मावा और घी के नमूने लेने के बाद संबंधित सामग्री संदीप आंजना को सौंप दी। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
टीम ने मावा और घी के सैंपल लिए।
चार टोकरियों में रखा लगभग 100 किलोग्राम मावा
इसी तरह, दूसरी कार्रवाई देवास गेट बस स्टैंड पर की गई, जहां बेगम बस के माध्यम से चार टोकरियों में रखा लगभग 100 किलोग्राम मावा पकड़ा गया। इस मावे के परिवहन के लिए न तो कोई बिल था और न ही कोई बिल्टी। यह किसका मावा था और किसे भेजा जा रहा था, इसकी जानकारी भी किसी ने नहीं दी।
यह मावा जब्त कर लिया गया है। यदि कोई भी व्यापारी या अन्य व्यक्ति इसे लेने नहीं आता है, तो नमूने लेने के बाद मावा नष्ट कर दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि खाद्य विभाग की टीम पहले भी लगभग 50 किलोग्राम मावा रोड रोलर से नष्ट कर चुकी है।