बालाघाट में निवेश प्रोत्साहन एवं संवर्धन योजना के तहत औद्योगिक क्षेत्र कनकी में 63 प्लॉट 31 उद्यमियों को अलॉट किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने वर्चुअली सिंगल क्लिक के माध्यम से आवंटन पत्र (एलओआई) जारी किए थे। अब इस आवंटन पर भाजपा के पूर्व विधायक रमेश भटेरे
.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हाल ही में कनकी औद्योगिक क्षेत्र में अवनेश बजाज, रोहित मंगलानी, मोहेंद्र मरकाम सहित 31 उद्यमियों को भूखंड आवंटन पत्र जारी किए थे। इन आवंटन पत्रों को कलेक्टर मीणा ने उद्यमियों को प्रदान किया था।
पूर्व विधायक रमेश भटेरे ने इस आवंटन प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने पूछा है कि इन 63 भूखंडों के आवंटन का विज्ञापन किस अखबार में और कब प्रकाशित हुआ था। भटेरे ने आरोप लगाया कि उद्योग विभाग की योजनाओं का लाभ कुछ गिने-चुने लोगों को ही मिल रहा है, जो गड़बड़ी की ओर इशारा करता है। उन्होंने इस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की मांग की है और कहा है कि लापरवाह अधिकारियों के कारण सरकार की छवि खराब हो रही है। वे मुख्यमंत्री से मिलकर जांच की मांग करेंगे।
वहीं, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष गजेंद्र भारद्वाज ने भी इस मामले में शिकायत दर्ज कराते हुए जांच की मांग की है। उन्होंने बताया कि यह सुनियोजित भ्रष्टाचार है, जिसमें बिना किसी प्रचार-प्रसार के अपने चहेते लोगों को लाभ पहुंचाया गया है। भारद्वाज ने सवाल उठाया कि ऐसे में भारत आत्मनिर्भर कैसे बनेगा।

