रीवा-प्रयागराज हाईवे के मंनगवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मढ़ी के पास एक निजी स्कूल वैन और मुर्गियां ले जा रहे पिकअप वाहन की टक्कर हो गई. इस दौरान वैन में सवार तकरीबन आधा दर्जन बच्चे घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा. वहीं मौके पर मौजूद लोग पुलिस के सामने ही पिकअप वैन से मुर्गी लेकर भागते नजर आए. इस दौरान कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा. पुलिस के सामने ही स्थानीय लोग व्यवस्था को बनाने के बजाय उसे बिगाड़ने का काम करने लगे और पिकअप वाहन से मुर्गी लेकर भागते दिखे. जब कुछ लोगों ने इसका विरोध किया, तो पुलिस ने वहां से लोगों को खदेड़ना शुरू किया. फिलहाल पुलिस ने पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया है और आगे की जांच जारी है.