23 साल के बच्चे…, हर्षित राणा के बचाव में उतरे हेड कोच गौतम गंभीर, आलोचकों पर यूं निकाला गुस्सा

23 साल के बच्चे…, हर्षित राणा के बचाव में उतरे हेड कोच गौतम गंभीर, आलोचकों पर यूं निकाला गुस्सा


Gautam Gambhir Harshit Rana: भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने मंगलवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज जीतने के बाद तेज गेंदबाज हर्षित राणा का बचाव किया है. टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज से सीरीज को 2-0 से अपने नाम किया. मैच के बाद गंभीर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में हर्षित के आलोचकों पर जमकर भड़ास निकाली. गंभीर ने पूर्व खिलाड़ी क्रिस श्रीकांत सहित उन सभी क्रिकेट एक्सपर्ट पर अपना गुस्सा निकाला है, जिन्होंने हर्षित के चयन पर सवाल उठाए थे. 

हर्षित पर बरसे थे श्रीकांत

श्रीकांत ने कहा था कि हर्षित राणा का आगामी ऑस्ट्रेलिया वनडे सीरीज के लिए चयन गंभीर के साथ उनके ‘व्यक्तिगत तालमेल’ के कारण हुआ है. उन्होंने इस महीने की शुरुआत में अपने यूट्यूब चैनल पर टिप्पणी की थी, जिसमें उन्होंने संकेत दिया था कि हर्षित का चयन योग्यता से कम और करीबी संबंधों के कारण हुआ है. हर्षित आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) में गंभीर के मेंटोर रहने के दौरान उनके साथ थे. इसके बाद गंभीर जुलाई 2024 में भारत के मुख्य कोच बने. उसके कुछ महीनों बाद हर्षित को इंटरनेशनल क्रिकेट में खेलने का मौका मिला.

Add Zee News as a Preferred Source


गंभीर को आया गुस्सा

अपनी मुखरता के लिए जाने जाने वाले गंभीर ने अरुण जेटली स्टेडियम में प्रेस कॉन्फ्रेंस में तीखा जवाब दिया. उन्होंने चयन प्रक्रिया और हर्षित दोनों की साख का बचाव किया और यूट्यूब चैनलों के माध्यम से लोकप्रियता हासिल करने के लिए युवा क्रिकेटरों को निशाना बनाने वाले लोगों की आलोचना की. गंभीर ने कहा, ”देखिए, यह थोड़ा शर्मनाक है और मैं आपके साथ बहुत ईमानदार रहूंगा. यह बहुत अनुचित है कि आप अपने यूट्यूब चैनल के लिए 23 साल के एक बच्चे को निशाना बना रहे हैं क्योंकि उसके पिता कोई पूर्व अध्यक्ष या पूर्व क्रिकेटर या एनआरआई नहीं हैं. वह जितना भी क्रिकेट खेलता है, वह अपनी ताकत पर खेलता है और अपनी योग्यता के दम पर खेलता रहेगा. यदि आप किसी को व्यक्तिगत रूप से निशाना बनाते हैं तो यह उचित नहीं है.”

ये भी पढ़ें: दिल्ली में भारत के सिर सजा जीत का ताज, फिर भी ऑस्ट्रेलिया-श्रीलंका से पीछे, देख लें WTC Points Table का हाल

गंभीर ने आलोचकों पर साधा निशाना

गंभीर ने आगे कहा, ”आप लोगों के प्रदर्शन को निशाना बना सकते हैं. चयनकर्ता और कोच हैं जो लोगों के प्रदर्शन को निशाना बनाते हैं. लेकिन अगर आप 23 साल के बच्चे को ऐसी बातें कहते हैं और फिर सोशल मीडिया इसे और भी बढ़ाता है, तो मानसिकता की कल्पना कीजिए. भविष्य में कोई आपके बच्चे को भी निशाना बना सकता है. कोई भी किसी को भी निशाना बना सकता है. कम से कम आप यह महसूस कर सकते हैं कि वह 20 साल का बच्चा है, 30 या 33 साल का नहीं.”

ये भी पढ़ें: घर में ‘शुभ’ शुरुआत… गिल की कप्तानी में भारत की पहली सीरीज जीत, वेस्टइंडीज 23 साल में लगातार 10वीं बार पस्त

‘प्रदर्शन पर होता है चयन’

दिल्ली के रहने वाले 22 वर्षीय हर्षित पिछले महीने यूएई में T20 एशिया कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे और 19 अक्टूबर को पर्थ में शुरू होने वाली ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए चार विशेषज्ञ तेज गेंदबाजों में चुने गए हैं. हर्षित अब तक भारत के लिए दो टेस्ट, पांच वनडे और तीन टी20 खेल चुके हैं. गंभीर ने यह भी स्पष्ट किया कि भारतीय टीम के लिए चयन प्रदर्शन पर आधारित होता है, न कि व्यक्तिगत समीकरणों पर. उन्होंने कहा, ” आप मेरी आलोचना कर सकते हैं और मैं इसे संभाल सकता हूं. लेकिन 23 साल का लड़का, 23 साल का लड़का होता है. यह कुछ ऐसा है जो स्वीकार्य नहीं है. मुझे लगता है कि इसीलिए हमें सावधान रहने की जरूरत है कि आप केवल अपना यूट्यूब चैनल चलाने के लिए क्या कहते हैं.”

ये भी पढ़ें: वेस्टइंडीज को हराने के बाद अब क्या? ये रहा 2025 में टीम इंडिया के बाकी मैचों का शेड्यूल, तुरंत कर लें नोट

भारतीय क्रिकेट सबका है: गंभीर

गंभीर ने आगे कहा, ”मुझे लगता है कि न केवल मेरी, बल्कि आप सबकी और हम सभी की भारतीय क्रिकेट के प्रति एक नैतिक जिम्मेदारी है. भारतीय क्रिकेट मेरा नहीं है. यह ड्रेसिंग रूम में बैठे लोगों का नहीं है. यह आप सभी का भी है. यह हर भारतीय का है, जो ईमानदारी से भारतीय क्रिकेट को अच्छा करते देखना चाहता है. इसलिए आप आलोचना कर सकते हैं, लेकिन केवल प्रदर्शन पर. ऐसा इसलिए न करें क्योंकि आप किसी भारतीय को निशाना बनाना चाहते हैं. आप मुझे निशाना बनाते हैं, यह ठीक है. एक युवा लड़के को निशाना न बनाएं. यह केवल हर्षित के मामले में नहीं है, भविष्य में भी इन युवा लड़कों को निशाना न बनाएं.”



Source link