शिवांक द्विवेदी, सतना: दिवाली का त्योहार रोशनी, सजावट और नएपन का प्रतीक माना जाता है. इस समय लोग अपने घर की हर छोटी-बड़ी जगह को चमकाने में जुट जाते हैं. लेकिन अक्सर जब सफाई की बात आती है तो बाथरूम को नजरअंदाज कर दिया जाता है. जबकि घर का सबसे जरूरी और उपयोगी हिस्सा यही होता है. एक साफ-सुथरा बाथरूम न केवल आपकी सेहत के लिए जरूरी है बल्कि यह घर के माहौल में भी ताजगी लाता है. दिवाली की तैयारी में अगर आप बाथरूम को सही तरीके से क्लीन करना चाहते हैं तो ये आसान उपाय आपके बहुत काम आएंगे.
लोकल 18 से बातचीत में बघेलखंड निवासी कमला तिवारी बताती हैं कि बाथरूम की सफाई की शुरुआत हमेशा ऊपर से करनी चाहिए. सबसे पहले कोनों और खिड़कियों पर जमी धूल और मकड़ी के जालों को हटा दें. कई बार लोग पुराना शैंपू, खाली साबुन का डिब्बा या टूटा ब्रश बाथरूम में ही छोड़ देते हैं जिससे गंदगी और अव्यवस्था फैलती है. ऐसे सामान को बाहर निकाल दें और जगह को व्यवस्थित करें.
2. नल और शॉवर की चमक लौटाएं
अक्सर स्टील के नल और शॉवर पर पानी के दाग या जिद्दी मैल जम जाते हैं जिससे उनकी चमक फीकी पड़ जाती है. इसके लिए एक आसान घरेलू नुस्खा है डिटर्जेंट और पानी का घोल. इस घोल को नल और शॉवर पर लगाएं कुछ देर के लिए छोड़ दें और फिर किसी मुलायम कपड़े से रगड़कर साफ करें. इसके बाद सादा पानी डालकर धो लें. इससे स्टील की चमक फिर से लौट आएगी.
3. टाइल्स को करें दागमुक्त
बाथरूम की दीवारों और फर्श की टाइल्स अक्सर साबुन और पानी के दागों से भर जाती हैं. लोग फर्श की सफाई तो कर लेते हैं लेकिन दीवार की टाइल्स पर जमा जिद्दी दाग छूट जाते हैं. इसे साफ करने के लिए नींबू का रस बहुत असरदार होता है. नींबू के रस को दाग वाली जगह पर डालें कुछ देर छोड़ दें और फिर ब्रश या स्पॉन्ज से रगड़कर साफ करें. यह न सिर्फ दाग हटाएगा बल्कि बाथरूम में ताजगी की खुशबू भी लाएगा.
4. बाथरूम को बनाएं ऑर्गेनाइज्ड
बाथरूम की खूबसूरती तभी दिखेगी जब वह व्यवस्थित रहेगा. इसके लिए आप शेल्फ या हैंगिंग रैक्स का इस्तेमाल करें. इनमें आप टूथब्रश होल्डर, साबुन, शैंपू और अन्य चीजें सलीके से रख सकते हैं. इससे न केवल जगह बचेगी बल्कि बाथरूम देखने में भी आकर्षक लगेगा.
5. दरवाजे और खिड़कियों को न भूलें
कई बार लोग पूरा बाथरूम साफ कर लेते हैं लेकिन दरवाजों और खिड़कियों को नजरअंदाज कर देते हैं. इन हिस्सों पर भी धूल और दाग जम जाते हैं. डिटर्जेंट और पानी के घोल में कपड़ा डुबोकर उसे निचोड़ें और दरवाजों खिड़कियों को साफ करें. इससे बाथरूम का पूरा लुक निखर जाएगा.
6. नियमित सफाई से बनी रहे ताजगी
दिवाली की सफाई एक बार का काम नहीं होनी चाहिए. हाँ लेकिन हफ्ते भर के अंदर एक बार डीप क्लीनिंग करें और रोजाना हल्की सफाई जैसे फर्श पोछना और सिंक साफ करना न भूले. बदबू दूर करने के लिए एयर फ्रेशनर या कपूर का इस्तेमाल करें. कपूर न सिर्फ खुशबू फैलाता है बल्कि कीटाणुओं को भी दूर रखता है. इससे हफ्ते भर के भीतर दिवाली तक आपका बाथरूम चकाचक हो जाएगा.
वहीं त्योहार के इस मौसम में अगर आपका बाथरूम भी बाकी घर की तरह चमकेगा तो न सिर्फ आपकी सेहत बेहतर रहेगी बल्कि मेहमानों पर भी आपका अच्छा इंप्रेशन पड़ेगा. साफ-सुथरा बाथरूम दिवाली की असली चमक को पूरा करता है.