Last Updated:
Bhopal Diwali Market: न्यू मार्केट, 10 नंबर मार्केट और पुराने भोपाल के बाजार जगमग हो गए हैं. यहां सजावट से लेकर घर को रोशन करने वाले तरह-तरह के सामान बेहद कम दाम में मिल जाएंगे. देखें वैरायटी..
देशभर के साथ ही राजधानी भोपाल के सभी बाजार दिवाली से पहले जगमगा रहे हैं. यहां साल के सबसे बड़े त्योहार को लेकर अवकाश के दिन भी लोगों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है. साथ ही बाजार में भी इस बार कई अलग-अलग तरह के नए आइटम मौजूद हैं.

शहर के न्यू मार्केट में छोटे-छोटे स्टॉल पर सबसे ज्यादा अनोखे व खूबसूरत समान की भरमार देखी जा रही है. यहां सजावट के लिए द्वार पर लगने वाले तोरण से लेकर दीए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं.

न्यू मार्केट के अलावा शहर के अन्य अलग-अलग बाजारों में भी स्वदेशी की थीम पर सामान बिक रहा है. इसमें खास तौर पर मिट्टी से बने तरह-तरह के समान शामिल है. साथ ही लाइट्स में भी एक से बढ़कर एक मेड इन इंडिया लाइट मौजूद है.

घरों की साज-सज्जा से लाइटिंग से लेकर सभी प्रकार की सामग्री की जमकर बिक्री हो रही है. इस बार बाजारों में स्वदेशी उत्पादों ने रंग जमाया है. चाहे घर सजाने के लिए साज सज्जा का सामान हो अथवा लाइटिंग, इस बार स्वदेशी को लोग ज्यादा पसंद कर रहे हैं.

वहीं पारंपरिक सामग्री के साथ-साथ मिट्टी और गोबर शिल्प की सामग्री भी इस बार खूब पसंद की जा रही है. बाजारों के साथ-साथ सामग्री बनाने वाले कारीगरों के स्टालों पर भी लोगों की भीड़ लग रही है.

न्यू मार्केट के अलावा चौक बाजार, लखेरापुरा और सराफा बाजार में खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ देखी जा रही है. यहां खास तौर पर सोना-चांदी की खरीदारी के अलावा कपड़ों की खरीदारी के लिए भी बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं.

वहीं बैरागढ़ जैसे प्रदेश के सबसे बड़े कपड़ा मार्केट में भी थोक में कपड़ों की खरीदारी करने वाले लोग पहुंच रहे हैं. इसके अतिरिक्त महिलाओं के लिए भी नए व आकर्षक सूट-साड़ियां इस बार आकर्षण का केंद्र बनी हुई है.