Last Updated:
भारतीय टीम से बाहर चल रहे तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने चार गेंद में तीन विकेट चटकाए जिससे बंगाल ने रणजी ट्रॉफी क्रिकेट एलीट ग्रुप सी मैच के पहले दिन बुधवार को यहां उत्तराखंड को 213 रन पर समेट दिया.
नई दिल्ली. चैंपियंस ट्रॉफी के हीरो, वह गेंदबाज जिसने अपनी आग से विपक्षी टीमों के बल्लेबाज़ों के धैर्य और हिम्मत दोनों को तोड़ डाला. मोहम्मद शमी एक ऐसा खिलाड़ी जिसे देश ने अपना मान रखा था, जिसने हर बार अपनी काबिलियत और जज़्बे से साबित किया कि वह भारतीय क्रिकेट का सबसे बड़ा हथियार है लेकिन फिर अचानक, उस खिलाड़ी को ‘फिटनेस’ के बहाने से बाहर कर दिया गया, ऑस्ट्रेलियाई दौरे के लिए चयन से एकदम दरकिनार.
शमी का अगरकर को करारा जवाब
चोटों और खराब फॉर्म में बाद लय हासिल करने की कोशिशों में जुटे 35 साल के शमी को बुधवार को अपने शुरुआती 14 ओवर में कोई सफलता नहीं मिली लेकिन उत्तराखंड की पारी के अंतिम लम्हों में उन्होंने रिवर्स स्विंग का जादू चलाया. शमी ने तेजी से इन स्विंग होती गेंद पर जन्मेजय जोशी को बोल्ड किया और फिर अगली गेंद पर राजकुमार को विकेटकीपर के हाथों कैच कराया. शमी हैट्रिक लेने से चूक गए लेकिन फिर इसी ओवर में एक गेंद बाद देवेंद्र सिंह बोरा को बोल्ड कर दिया. उन्होंने 37 रन देकर तीन विकेट चटकाए.
ऑलराउंडर सूरज ने बिखेरी चमक
शमी के अलावा तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर सूरज सिंधू जायसवाल ने बंगाल की ओर से 54 रन पर चार विकेट चटकाए. उन्होंने अपनी गति, स्विंग और नियंत्रण से प्रभावित किया. शमी और आकाशदीप के विकेट चटकाने के नाकाम रहने के बाद जायसवाल ने बंगाल को पहली सफलता दिलाई. इशान पोरेल (40 रन पर तीन विकेट) ने उनका अच्छा साथ निभाया. भूपेन लालवानी 128 गेंद में नौ चौकों की मदद से 71 रन बनाकर उत्तराखंड के शीर्ष स्कोरर रहे.