Rohit Sharma: 19 अक्टूबर से शुरू हो रही भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया रवाना हो चुकी है. एयरपोर्ट पर रोहित शर्मा और विराट कोहली की झलक देखने को मिली. भारतीय टीम के नए कप्तान शुभमन गिल ने भी दोनों दिग्गजों से मुलाकात की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इसी महीने की शुरुआत में बीसीसीआई ने ऑस्ट्रेलिया टूर से पहले कुछ कड़े फैसले लिए. रोहित शर्मा को हटाकर शुभमन गिल को वनडे टीम की कमान सौंपी गई थी.
फैंस में थी नाराजगी
रोहित शर्मा की कप्तानी जाते ही फैंस में नाराजगी नजर आई थी. कई क्रिकेट के दिग्गजों ने भी रोहित शर्मा की कप्तानी जाने पर भी सवाल खड़े किए. लेकिन कप्तानी के शोर के बीच खिलाड़ियों की भावनाओं में फर्क देखने को नहीं मिला है. रोहित और गिल ने उसी अंदाज में मुलाकात की. दोनों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. गिल के करीब आते ही रोहित बोले, ‘अरे हीरो क्या हाल हैं.’
कोहली से भी मुलाकात
विराट कोहली से भी शुभमन गिल ने मुलाकात की. गिल ने विराट से हाथ मिलाया. विराट कोहली का भी वीडियो चर्चा में है जिसमें वह श्रेयस अय्यर से बातचीत करते नजर आ रहे हैं. मीडिया रिपोर्ट्स में माना जा रहा है कि रोहित शर्मा और विरट कोहली के लिए यह आखिरी वनडे सीरीज होगी. टेस्ट और टी20 से रिटायरमेंट ले चुके हैं जबकि अब वनडे से भी ले सकते हैं.
ये भी पढे़ं.. BCCI का बड़ा ब्लंडर.. सरफराज को बिन बैटिंग करा दिया डक आउट, सोशल मीडिया पर हंगामा
वर्ल्ड कप 2027 नहीं है कंफर्म
रोहित शर्मा ने कई इंटरव्यू में कहा था कि वर्ल्ड कप जीतना उनका सपना है. उन्होंने विमल कुमार के यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए कहा, ‘मौका मिलेगा तो जरूर खेलना चाहूंगा.’ लेकिन ऑस्ट्रेलिया टूर के लिए टीम इंडिया के ऐलान पर चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने सभी की धड़कने बढ़ा दी थीं. उन्होंने कहा था कि दोनों ने वर्ल्ड कप 2027 के लिए कोई कंफर्मेशन नहीं दिया है.