Diwali 2025: दीपावली का त्योहार आते ही हर घर में सफाई का माहौल शुरू हो जाता है. पर्दों से लेकर फर्नीचर और दीवारों तक सब कुछ नया जैसा चमक उठता है, लेकिन जब बात आती है. घर के मंदिर की सफाई की, तो उसे लोग अक्सर आखिर में करते हैं और यही सबसे बड़ी गलती है. पूजा स्थल वो जगह है जहां हर दिन दीपक, अगरबत्ती और कपूर जलाया जाता है जिससे दीवारों और फोटो फ्रेम पर तेल और धुएं की परत जम जाती है. ऐसे में केवल झाड़न लगाना काफी नहीं होता. लोकल 18 से बातचीत में बघेलखंड निवासी कमला तिवारी ने बताया कि अक्सर लोग घर की सफाई में मंदिर को अंत में रखते हैं जबकि वहां की स्वच्छता सबसे जरूरी होती है. देवी-देवताओं का स्थान साफ और सुगंधित रहेगा तो घर में सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है. तो इस दिवाली अपने मंदिर को नया जैसा बनाने के लिए अपनाएं ये 7 आसान घरेलू ट्रिक्स.
मंदिर के फ्रेम या मूर्तियों पर जमी धूल को साफ करने के लिए किसी भी रफ कपड़े का इस्तेमाल न करें. इसके बजाय माइक्रोफाइबर कपड़ा लें. यह धूल को अपने अंदर खींच लेता है और फोटो फ्रेम पर खरोंच नहीं आने देता. बस ध्यान रखें कि कपड़ा पूरी तरह सूखा हो और रगड़ने के बजाय हल्के हाथों से पोंछें.
सिरके और पानी का जादुई घोल
अगर फ्रेम पर तेल या धुएं के निशान बने हैं तो एक चम्मच सिरका और एक कटोरी पानी मिलाकर हल्का स्प्रे करें. इसके बाद नरम कपड़े से पोंछ दें. यह नुस्खा फोटो फ्रेम के कांच को एकदम नई जैसी चमक देता है. हालांकि लकड़ी या सुनहरे बॉर्डर वाले फ्रेम पर सिरका सीधे इस्तेमाल न करें पहले किसी कोने पर टेस्ट जरूर करें.
टूथब्रश या कॉटन स्वैब से बारीक सफाई
मंदिर के फ्रेम या मूर्तियों के कोनों में अक्सर धूल फंस जाती है. ऐसे में पुराना टूथब्रश या कॉटन स्वैब सबसे अच्छा उपाय है. हल्के हाथों से इन्हें चलाने पर डिजाइन के बीच में जमी धूल आसानी से निकल जाएगी.
लकड़ी के फ्रेम के लिए ऑयल ट्रिक
अगर आपका मंदिर लकड़ी का बना है तो उसकी चमक लौटाने के लिए नींबू तेल या ऑलिव ऑयल का प्रयोग करें. कुछ बूंदें कपड़े पर लेकर धीरे-धीरे फ्रेम पर रगड़ें. इससे लकड़ी में नई जैसी चमक आ जाएगी और उसमें एक हल्की सी प्राकृतिक खुशबू भी बनी रहेगी.
पूजा घर की नियमित देखभाल
अगर रोजाना दीया या अगरबत्ती जलाते हैं तो सप्ताह में एक बार मंदिर की दीवारों और फोटो को गीले कपड़े से पोंछें. इससे न सिर्फ धूल और धुआं जमने से बचेंगे, बल्कि घर का वातावरण भी शुद्ध और सकारात्मक रहेगा.
ग्लास क्लीनर से कांच में लाएं चमक
कांच वाले फोटो फ्रेम के लिए ग्लास क्लीनर बेहतरीन उपाय है. लेकिन ध्यान रखें स्प्रे सीधे फोटो पर न करें. पहले कपड़े पर स्प्रे करें और फिर धीरे-धीरे साफ करें, ताकि नमी फोटो के अंदर न जाए.
शुभ दिन पर करें मंदिर की सफाई
हिंदू मान्यताओं के अनुसार सोमवार, गुरुवार या शनिवार को मंदिर की सफाई करना शुभ माना जाता है. कहा जाता है कि जब पूजा स्थल स्वच्छ और सुव्यवस्थित रहता है तो घर में सकारात्मक ऊर्जा, सुख और शांति बनी रहती है. इस दिवाली अपने घर के मंदिर को भी घर के बाकी हिस्सों की तरह चमकाएं. क्योंकि जहां सफाई होती है, वहीं देवी-देवताओं का वास होता है और वहीं से शुरू होती है खुशियों और समृद्धि की असली रोशनी.