सिंगरौली जिले में नकली नोटों का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। त्योहारी सीजन में बाजार इलाकों में फुटपाथ के व्यापारियों को 100 और 200 रुपए के नकली नोट दिए जा रहे हैं। इससे छोटे दुकानदार ठगी का शिकार हो रहे हैं।
.
आज बैढ़न के मुख्य बाजार में एक फल विक्रेता महिला, सरई इलाके की 50 वर्षीय फूल जायसवाल को एक व्यक्ति ने 200 रुपए का नकली नोट दिया। यह एक महीने में उनके साथ तीसरी बार हुई घटना थी।व्यक्ति ने अनार खरीदने के बहाने महिला को 200 रुपए का नोट दिया, जिस पर उन्हें संदेह हुआ। उन्होंने पास के एक बड़े व्यापारी से नोट की जांच कराई तो वह नकली निकला।
हालांकि, जब तक महिला वापस लौटी नकली नोट देने वाला व्यक्ति अनार छोड़कर गायब हो चुका था। फूल जायसवाल ने बताया कि वह उस व्यक्ति को पहचान सकती हैं, क्योंकि उसने पहले भी उन्हें तीन बार नकली नोट दिए हैं।
इस मामले की जानकारी कोतवाली थाना प्रभारी अशोक सिंह परिहार को दी गई। उन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस कर्मियों को बाजार इलाके में भेजा है। परिहार ने कहा कि पुलिस सीसीटीवी और अन्य संसाधनों की मदद से नकली नोटों का कारोबार करने वाले व्यक्ति की तलाश करेगी।
सिंगरौली जिला मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ की सीमाओं से जुड़ा हुआ है। ऐसे में त्योहारी सीजन के दौरान इस तरह के अवैध कारोबार बढ़ने की आशंका बनी रहती है।
