होल्कर सांइस कॉलेज के प्राचार्य के मरने की खबर फैलाई: दो छात्रों पर FIR, परीक्षा रुकवाने के लिए की ये हरकत – Indore News

होल्कर सांइस कॉलेज के प्राचार्य के मरने की खबर फैलाई:  दो छात्रों पर FIR, परीक्षा रुकवाने के लिए की ये हरकत – Indore News



इंदौर के होलकर साइंस कॉलेज की प्राचार्य की झूठी मौत की खबर फैलाने के मामले में भंवरकुआं पुलिस ने दो छात्रों के खिलाफ FIR दर्ज की है। यह कार्रवाई कॉलेज प्राचार्य डॉ. अनामिका जैन की शिकायत पर की गई है।

.

पुलिस के अनुसार, मयंक कछावा निवासी स्कीम नंबर 78 और हिमांशु जयसवाल निवासी मालवा मिल दोनों बीसीए थर्ड सेमेस्टर के छात्र हैं। इन पर प्राचार्य की झूठी मौत की खबर बनाकर उसे वॉट्सऐप के जरिए कई लोगों तक भेजने का आरोप है।

पुलिस अधिकारी एसआई नीलमणि ठाकुर ने बताया कि यह खबर इतनी तेजी से फैली कि कॉलेज के कई स्टाफ और छात्रों में भ्रम की स्थिति बन गई।

प्राचार्य मैसेज किया- खबर झूठी है

डॉ. अनामिका जैन ने थाने में लिखित आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि होलकर साइंस कॉलेज की स्थापना को 134 साल हो चुके हैं और वर्तमान में यहां लगभग 12,000 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं।

15 अक्टूबर को कॉलेज में CCA परीक्षा आयोजित होनी थी। इस बारे में नोटिस बोर्ड के माध्यम से छात्रों और प्रोफेसरों को सूचित किया गया था। लेकिन 14 अक्टूबर की रात, कॉलेज के प्रशासनिक अधिकारी डॉ. नागेश, एचओडी डॉ. अर्पणा और एक छात्र आलेख ने उन्हें कॉल कर उनका हालचाल पूछा।

बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि वॉट्सऐप पर उनके स्वर्गवास की झूठी खबर वायरल हो रही है, जिसके कारण परीक्षा रद्द होने की अफवाह भी फैल गई है।

प्राचार्य बोले- मानसिक तनाव आया

इसके बाद प्राचार्य ने स्वयं कॉलेज स्टाफ को वॉट्सऐप पर मैसेज भेजकर जानकारी दी कि यह खबर भ्रामक और झूठी है। जांच के दौरान पता चला कि यह मैसेज मयंक और हिमांशु ने बनाया और फैलाया था। इसके बाद दोनों के खिलाफ थाने में शिकायत की गई।

प्राचार्य ने कहा कि इस घटना से उन्हें मानसिक तनाव और परेशानी का सामना करना पड़ा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।



Source link