Last Updated:
रोहित शर्मा टीम इंडिया में लौट आए हैं. 38 वर्षीय रोहित सात महीने से ज्यादा समय तक टीम इंडिया से दूर रहे. फिर से वह भारत के लिए खेलने को तैयार हैं. 19 अक्टूबर को रोहित ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला वनडे खेलेंगे. वनडे सीरीज में रोहित एक बल्लेबाज के तौर पर उतरेंगे. इस सीरीज में रोहित अपने नाम 10 बड़े रिकॉर्ड दर्ज कर सकते हैं.
रोहित शर्मा (Rohit Sharma) अगर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन वनडे मैचों में से एक में भी भारत की प्लेइंग इलेवन में शामिल होते हैं, तो वह सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, एमएस धोनी और विराट कोहली के बाद 500 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले पांचवें भारतीय क्रिकेटर बन जाएंगे. हिटमैन ने तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे, टी20) में भारत के लिए 499 मैच खेले हैं.

रोहित ने भारत के लिए 273 वनडे मैचों में 11,168 रन बनाए हैं. उन्हें सौरव गांगुली को पीछे छोड़ने के लिए 54 रन और बनाने हैं. औस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐसा करते ही वह 50 ओवर के प्रारूप में भारत के तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे. गांगुली ने 1992 से 2007 तक भारत के लिए 308 वनडे मैच खेले और कुल 11,221 रन बनाए.

रोहित ने भारतीय टीम के लिए वनडे में 344 छक्के लगाए हैं. अगर वह आगामी सीरीज़ में कम से कम आठ छक्के लगाने में कामयाब हो जाते हैं, तो वह वनडे में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के शाहिद अफरीदी के रिकॉर्ड को तोड़ देंगे. अफरीदी ने 1996 से 2015 तक 398 वनडे मैच खेले और 351 छक्के लगाए.

रोहित अगर भारत-ऑस्ट्रेलिया वनडे सीरीज में 12 छक्के लगा देते हैं तो वह वनडे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 100 छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन जाएंगे. भारत-ऑस्ट्रेलिया सीरीज़ में कम से कम 300 रन बनाने पर रोहित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 20,000 रन के क्लब में शामिल हो जाएंगे. अब तक केवल तीन भारतीय – तेंदुलकर, कोहली और द्रविड़ ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 20,000 से ज्यादा रन बनाए हैं.

रोहित को ऑस्ट्रेलिया में भारत-ऑस्ट्रेलिया वनडे मैचों में 1000 रन बनाने वाला पहला बल्लेबाज बनने के लिए 10 रन और चाहिए. अब तक उनके नाम 19 मैचों में 990 रन हैं. विराट कोहली 18 वनडे मैचों में 802 रनों के साथ इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं. रोहित ने भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 49 शतक लगाए हैं (टेस्ट में 12, वनडे में 32 और टी20 में 5). अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कम से कम 50 शतक लगाने वाले तीसरे भारतीय बनने के लिए उन्हें एक और शतक की जरूरत है.

अगर रोहित ऑस्ट्रेलिया में एक शतक लगाते हैं, तो वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे शतकों के सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड (9) की बराबरी कर लेंगे. अगर वह दो मैचों में 100 रन का आंकड़ा पार कर लेते हैं, तो वह छह बार के वनडे विश्व कप विजेता के खिलाफ 10 वनडे शतक लगाने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन जाएंगे.

रोहित को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत के लिए बतौर ओपनर सबसे ज़्यादा रन बनाने के सहवाग के रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए 174 रन बनाने होंगे. सहवाग ने सभी प्रारूपों में बतौर ओपनर 321 मैच खेले और 388 पारियों में कुल 15,758 रन बनाए. वहीं, रोहित ने 350 मैचों की 374 पारियों में 15,585 रन बनाए हैं.

रोहित के ये दो शतक उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बतौर ओपनर भारत के लिए सर्वाधिक शतकों के सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को तोड़ने में भी मदद करेंगे.य अपने 24 साल के करियर में तेंदुलकर ने भारत के लिए 346 मैचों में ओपनिंग की और सभी प्रारूपों में 45 शतक लगाए. जबकि रोहित के नाम बतौर ओपनर 349 मैचों में 44 शतक हैं. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में तेंदुलकर से ज्यादा शतक सिर्फ एक खिलाड़ी डेविड वार्नर ने ही लगाए हैं. वार्नर ने बतौर ओपनर 374 मैच खेले और 49 बार 100 रन का आंकड़ा पार किया.