छतरपुर के लवकुश नगर थाना क्षेत्र के बसंतपुर तिराहे के पास गुरुवार शाम राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार के काफिले में शामिल एक वाहन ने एक ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में सात लोग घायल हो गए, जिनमें एक 70 वर्षीय वृद्ध के दोनों पैर कट गए। गंभीर रूप से घायल
.
जानकारी के अनुसार, बुदौरा गांव निवासी साहब सिंह (70) दिवाली का बाजार कर लवकुश नगर से अपने गांव लौट रहे थे। ई-रिक्शा में करीब सात लोग सवार थे। बसंतपुर तिराहे से पहले गौरीहार मार्ग पर मंत्री के काफिले के एक वाहन ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मारी, जिससे वह पलट गया। इस दौरान साहब सिंह के दोनों पैर कटकर अलग हो गए, जबकि अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं।
बुजुर्ग के दोनों पैर कटे, ग्वालियर रेफर हादसे के बाद पुलिस के वाहन से घायलों को लवकुश नगर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद साहब सिंह को जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर नीरज सोनी ने बताया कि वृद्ध के दोनों पैर कटे हुए थे, उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है।
परिजनों ने बताया कि राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार ग्राम बरहा में एक दशहरा मिलन समारोह में शामिल होकर लवकुश नगर लौट रहे थे। उनके काफिले के पीछे चल रहे एक वाहन ने ई-रिक्शा को टक्कर मारी।
मंत्री बोले- आयुष्मान योजना के तहत इलाज होगा लवकुश नगर एसडीओपी नवीन दुबे ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि एक वाहन ने ई-रिक्शा में टक्कर मारी थी, जिसमें एक व्यक्ति के पैर टूटने की जानकारी मिली है। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया था। पुलिस वाहन की तलाश कर रही है।
साहब सिंह के भतीजे कपूर सिंह ने बताया कि पुलिस उनके चाचा को अस्पताल लेकर आई थी। मंत्री ने कहा है कि उन्हें ग्वालियर ले जाया जाए और आयुष्मान योजना के तहत उनका इलाज करवाया जाएगा।