विदिशा में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की कृषि उपज मंडी मिर्जापुर के पास एक किसान की बाइक की डिग्गी से 1 लाख 10 हजार रुपए चोरी हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
.
जिले के अटारीखेजड़ा निवासी किसान धर्मेंद्र दांगी गुरुवार को अपनी सोयाबीन की फसल बेचने मिर्जापुर मंडी आए थे। फसल बेचने के बाद उन्हें करीब 1.10 लाख रुपए मिले, जिसे उन्होंने अपनी बाइक की डिग्गी में रख लिया था।
बताया गया है कि एक युवक पहले से ही किसान का पीछा कर रहा था। मौका मिलते ही उसने ट्रैक्टर-ट्रॉली की आड़ लेकर बाइक की डिग्गी से रुपए निकाले और फरार हो गया।
सिविल लाइन थाना प्रभारी आर.के. मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। घटना स्थल के सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध युवक नजर आ रहा है, जिसकी पहचान की जा रही है। टीआई मिश्रा ने कहा कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।