भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 19 अक्टूबर से वनडे सीरीज की शुरुआत होने जा रही है. पर्थ में पहला मुकाबला खेला जाएगा. दोनों देशों के बीच वनडे मुकाबला हो और रिकॉर्ड्स न बनें, ऐसा बहुत कम देखने को मिलता है. आगामी सीरीज में भी कई रिकॉर्ड बनने वाले हैं. इससे पहले हम एक ऐसा रिकॉर्ड निकालकर लाए हैं, जो 2023 में बना. अपने घर पर खेलते हुए भारत ने यह महारिकॉर्ड बनाया. दरअसल, यह रिकॉर्ड सबसे बड़े टोटल का है. आइए जानते हैं…
18 छक्के… 31 चौके और 399 रन
दरअसल, भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर 399/5 है. यह भारतीय टीम के नाम है, जो 2023 में इंदौर में बना. विराट कोहली और रोहित शर्मा के बिना खेलते हुए भारतीय बल्लेबाजों ने तूफानी बैटिंग से कंगारू गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाकर रख दी थीं. श्रेयस अय्यर और शुभमन गिल ने शतक ठोका था. वहीं, केएल राहुल और सूर्यकुमार यादव ने ताबड़तोड़ फिफ्टी बनाकर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विशाल स्कोर दर्ज किया. पहले बैटिंग करते हुए भारत की ओर से इस पारी में 18 छक्के और 31 चौके लगाए गए. आइए मुकाबले के बारे में आपको डिटेल में बताते हैं.
भारत ने पहले की थी बैटिंग
24 सितंबर 2023 को इंदौर में खेले गए इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया. भारतीय टीम को महज 16 के स्कोर पर ऋतुराज गायकवाड़ के रूप में बड़ा झटका लगा. इस सलामी बल्लेबाज ने 12 गेंदों में 8 रन बनाए. इसके बाद श्रेयस अय्यर ने शुभमन गिल के साथ दूसरे विकेट के लिए 200 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया. अय्यर ने 90 गेंदों में 3 छक्कों और 11 चौकों के साथ 105 रन बनाए, जबकि शुभमन गिल 97 गेंदों में 104 रन बनाकर आउट हुए. उनकी इस पारी में 4 छक्के और 6 चौके शामिल रहे.
अय्यर-गिल के बाद चले ये दो बल्लेबाज
टीम 243 के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा चुकी थी. यहां से कप्तान केएल राहुल ने ईशान किशन के साथ चौथे विकेट के लिए 59 रन जोड़ते हुए टीम को 300 के पार पहुंचा दिया. केएल राहुल ने टीम के खाते में 52 रन का योगदान दिया, जबकि सूर्यकुमार यादव ने 37 गेंदों में ताबड़तोड़ 72 रन बनाते हुए टीम को 399 के स्कोर तक पहुंचा दिया. मेहमान टीम की ओर से कैमरून ग्रीन ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए, जबकि जोश हेजलवुड, सीन एबॉट और एडम जांपा ने 1-1 विकेट अपने नाम किए.
ऑस्ट्रेलिया को 217 रन पर समेट जीता मैच
जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 28.2 ओवरों में महज 217 रन पर सिमट गई. इस टीम के लिए डेविड वॉर्नर ने 39 गेंदों में सर्वाधिक 53 रन बनाए, जबकि सीन एबॉट ने 54 रन की पारी खेली. भारत ने मुकाबला डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर 99 रन से जीता. भारत की तरफ से रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा ने 3-3 विकेट हासिल किए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने 2 विकेट निकाले. इनके अलावा, मोहम्मद शमी ने 1 विकेट अपने नाम किया.