जुहला बाईपास पर सड़क हादसा, युवती की मौत: ट्रक की टक्कर से भाई घायल; आरोपी चालक फरार, तलाश जारी – Katni News

जुहला बाईपास पर सड़क हादसा, युवती की मौत:  ट्रक की टक्कर से भाई घायल; आरोपी चालक फरार, तलाश जारी – Katni News


कटनी के जुहला बाईपास ओवर ब्रिज पर शनिवार सुबह एक सड़क हादसे में एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार भाई-बहन को पीछे से टक्कर मार दी। यह घटना एनकेजे थाना क्षेत्र में हुई।

.

मृतका की पहचान परसवारा, थाना बरही निवासी 22 वर्षीय माया देवी पटेल के रूप में हुई है। वह अपने भाई रानू पटेल के साथ पडखुरी स्थित अपनी बहन के घर से वापस लौट रही थीं। माया कटनी में नर्सिंग का कोर्स कर रही थीं। उनके पिता खेती-किसानी का काम करते हैं।

जानकारी के अनुसार, जब दोनों भाई-बहन जुहला बाईपास ओवर ब्रिज के पास से गुजर रहे थे, तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि माया देवी पटेल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। घायल रानू पटेल को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से कटनी के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार जारी है।

एनकेजे थाना पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ट्रक चालक मौके से फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश की जा रही है।

एनकेजे थाना प्रभारी रूपेंद्र राजपूत ने बताया कि सड़क हादसे में एक युवती की मौत हुई है। घटना को अंजाम देने वाले वाहन को जब्त कर लिया गया है और चालक की तलाश जारी है। मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।



Source link