पाकिस्तान ने कायराना हवाई हमले में अफगानिस्तान के तीन क्लब लेवल क्रिकेटर्स को मौत की नींद सुला दिया. इसकी दुनियाभर में निंदा हो रही है. ICC और BCCI ने भी इसकी कड़ी निंदा की है. भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने कहा कि इस दुखद घड़ी में वह अफगानिस्तान बोर्ड के साथ खड़ा है. इन क्रिकेटर्स की मौत के बाद अफगानिस्तान-पाकिस्तान के बीच तनाव और बढ़ गया है. इस बीच अफगानिस्तान के स्टार राशिद खान ने बड़ा कदम उठाया है.
तीन अफगान क्रिकेटर्स की मौत
दरअसल, दोनों देशों के बीच जारी सैन्य संघर्ष के दौरान पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर एयरस्ट्राइक की, जिसमें तीन अफगान खिलाड़ियों की मौत हो गई. पाकिस्तानी हमले में जान गंवाने वाले तीनों खिलाड़ी क्लब लेवल के क्रिकेटर थे, जो मैच खत्म होने के बाद अरगुन जिले में लौट रहे थे. इसी बीच बमबारी में उन्हें निशाना बनाया गया. अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इसकी पुष्टि करते हुए पाकिस्तान के खिलाफ आगामी ट्राई सीरीज में हिस्सा न लेने का फैसला लिया है. अफगानिस्तान को अगले महीने पाकिस्तान में यह सीरीज खेलनी थी.
राशिद खान आहत
इन क्रिकेटर्स की मौत से अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान भी आहत हुए. उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘अफगानिस्तान पर हाल ही में हुए पाकिस्तानी हवाई हमलों में नागरिकों की जान जाने से मुझे गहरा दुख हुआ है. यह एक ऐसी त्रासदी है, जिसमें महिलाओं, बच्चों और उन महत्वाकांक्षी युवा क्रिकेटरों की जान चली गई, जो विश्व मंच पर अपने देश का प्रतिनिधित्व करने का सपना देखते थे.’
— Rashid Khan (@rashidkhan_19) October 17, 2025
‘देश के साथ खड़ा हूं’
राशिद ने आगे लिखा, ‘नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना पूरी तरह से अनैतिक और बर्बर है. ये अन्यायपूर्ण और गैरकानूनी कार्रवाइयां मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन हैं और इन्हें नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए. इन अनमोल निर्दोष लोगों की जान जाने के बाद मैं पाकिस्तान के खिलाफ आगामी मैचों से हटने के एसीबी के फैसले का स्वागत करता हूं. मैं इस कठिन समय में अपने लोगों के साथ हूं, हमारी राष्ट्रीय गरिमा सबसे पहले आनी चाहिए.’
उठाया ये बड़ा कदम
इस बीच राशिद खान ने एक बड़ा कदम उठाया है. दरअसल, वह पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के आगामी सीजन से बाहर हो सकते हैं. अफगानिस्तान के इस वर्ल्ड क्लास स्पिनर ने अपने सोशल मीडिया बायो से लाहौर कलंदर्स का नाम हटा दिया है. हालांकि, आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है, लेकिन राशिद का अपने बायो से लाहौर कलंदर्स का नाम हटाना कहीं न कहीं पाकिस्तान सुपर लीग का बॉयकॉट करने के संकेत दे रहा है. बता दें कि राशिद लाहौर कलंदर्स टीम का हिस्सा हैं.