बालाघाट कोतवाली मालखाने से 33 अपराधों में जब्त 55 लाख 13 हजार 100 रुपए नकद और 14 लाख रुपए से अधिक के जेवर चोरी होने के मामले में पुलिस को अभी तक शेष राशि बरामद नहीं हुई है। मुख्य आरोपी प्रधान आरक्षक राजीव पंद्रे से 40 लाख रुपए नकद और ज्वेलर्स की दुका
.
घटना के पांच दिन बीत जाने और तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद भी पुलिस शेष नकद राशि का पता नहीं लगा पाई है।
पुलिस ने कहा- जांच की जा रही है
मामले की जांच कर रही डीएसपी प्रतिष्ठा राठौर ने बताया कि जांच जारी है। हालांकि, पुलिस के सामने यह सवाल बना हुआ है कि आरोपी मुंशी ने सिवनी के अलावा और किन जगहों पर जुआ खेला और क्या उसने पूरी राशि सिवनी में ही हारी या महाराष्ट्र के गोंदिया और अर्जुनी जैसे अन्य स्थानों पर भी। इन तथ्यों की पुष्टि अभी नहीं हो पाई है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस सिवनी से गिरफ्तार किए गए जुएबाज के नए लग्जरी वाहन को नीलाम कर मालखाने की शेष राशि की भरपाई कर सकती है। हालांकि, इन संभावनाओं और जांच से जुड़े अन्य सवालों पर पुलिस ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
कल इन आरोपियों की रिमांड खत्म होगी
इस मामले में गिरफ्तार चार आरोपियों में से तीन, जुएबाज विकास श्रीवास्तव उर्फ लाला, ऋतुराज मोहारे और हेमराज रनगिरे की दो दिन की पुलिस रिमांड कल समाप्त हो रही है।
इन तीनों को बीते शुक्रवार को न्यायालय में पेश करने के बाद रिमांड पर लिया गया था।
वहीं, मुख्य आरोपी निलंबित प्रधान आरक्षक राजीव पंद्रे की रिमांड 20 अक्टूबर तक है। यह देखना होगा कि पुलिस कल इन तीनों आरोपियों की रिमांड अवधि बढ़ाती है या उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजती है।
मुख्य आरोपी निलंबित प्रधान आरक्षक राजीव पंद्रे।