Shubman Gill Big Statement: भारत के नए वनडे कप्तान शुभमन गिल ने रोहित शर्मा और विराट कोहली को लेकर एक बड़ा बयान दिया है. शुभमन गिल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कल यानी 19 अक्टूबर से शुरू हो रही तीन मैचों की सीरीज से अपनी वनडे कप्तानी का आगाज करेंगे. हाल ही में रोहित शर्मा की जगह शुभमन गिल को भारत का नया वनडे कप्तान बनाया गया है. शुभमन गिल ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ वनडे मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोहित शर्मा और विराट कोहली को लेकर एक बड़ा बयान दिया है.
गिल ने विराट-रोहित को लेकर दिया ऐसा बयान
शुभमन गिल की यह बात भारतीय फैंस के दिल को छू लेगी और वह इसे कभी नहीं भूल पाएंगे. शुभमन गिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘रोहित शर्मा और विराट कोहली, दोनों ही दुनिया के सर्वश्रेष्ठ व्हाइट बॉल क्रिकेटरों में शुमार हैं. वे टीम में जिस तरह का अनुभव और टैलेंट लेकर आते हैं, वह अद्भुत है. बचपन से ही मैं विराट कोहली और रोहित शर्मा, दोनों को अपना आदर्श मानता था. वे जिस तरह का क्रिकेट खेलते हैं, उनमें जो भूख है, उससे मुझे प्रेरणा मिलती है. क्रिकेट के ऐसे दिग्गजों का नेतृत्व करना और उनसे सीखना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है.’
कई मैच, सीरीज और ट्रॉफियां जीतीं
शुभमन गिल ने कहा, ‘विराट भाई और रोहित भाई ने 15-20 सालों तक भारतीय क्रिकेट की सेवा की है. वे दुनिया भर में सफल रहे हैं और हर जगह उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया है. भारत के लिए उन्होंने कई मैच, सीरीज और ट्रॉफियां जीती हैं. उनका अनुभव, टैलेंट और मानसिकता हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण है, और उसे दोहराना बहुत मुश्किल है. मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा है.’
विराट कोहली के बेहतरीन उत्तराधिकारी
शुभमन गिल ने कहा, ‘यह मेरे लिए बहुत रोमांचक है. मेरे लिए, यह माही भाई, विराट भाई और रोहित भाई द्वारा छोड़ी गई विरासत को आगे बढ़ाने और उनकी जगह लेने का एक बड़ा अवसर है. विराट भाई और रोहित भाई से मुझे बहुत सारी बातें, अनुभव और सीख मिली है.’ शुभमन गिल ने भारतीय क्रिकेट में विराट कोहली के बेहतरीन उत्तराधिकारी हैं. इंटरनेशनल क्रिकेट में शुभमन गिल 19 शतक जड़ चुके हैं. शुभमन गिल के नाम टेस्ट क्रिकेट में 10 शतक, वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में 8 शतक और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 1 शतक हैं.