खरगोन पुलिस ने 7 देसी पिस्टल के साथ सिगनूर के एक सिकलीगर को गिरफ्तार किया है। आरोपी बाइक पर देसी पिस्टल लेकर डिलीवरी देने जा रहा था। जब्त हथियारों की कीमत 3.10 लाख रुपये बताई गई है। परिवहन में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त कर ली गई है।
.
एडिशनल एसपी शकुंतला रूहल ने बताया कि देर रात सूचना मिलने पर सनावद और बेड़िया पुलिस ने यह कार्रवाई की। आरोपी भीकनगांव की तरफ से ढकलगांव होते हुए सनावद आ रहा था। सनावद टीआई रामेश्वर ठाकुर और बेड़िया टीआई धर्मेन्द्र यादव ने अपनी टीम के साथ मिलकर नलवा नहर के पास आरोपी दीपक पिता कमलसिंह सिकलीगर निवासी सिगनूर को पकड़ा।
आरोपी के पास मिले बैग से पहले 5 अवैध देसी पिस्टल बरामद हुईं। कड़ी पूछताछ के बाद उसने अंजनगांव रोड पर पानी की टंकी के पास झाड़ियों में 2 और पिस्टल छिपाकर रखने की बात कबूली। उसकी निशानदेही पर वे दो पिस्टल भी जब्त कर ली गईं। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि आरोपी खुद ही हथियार बनाता और उनकी डिलीवरी करता था। आरोपी सिकलीगर दीपक पर धार जिले के मनावर थाने में कुल 4 प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें तीन चोरी और एक आर्म्स एक्ट का मामला शामिल है। पुलिस उसे रिमांड पर लेकर उसके नेटवर्क का पता लगाएगी।