Suryakumar Yadav: एशिया कप 2025 के चैंपियन कप्तान सूर्यकुमार यादव को अपने करियर को लेकर एक बात चुभ रही है. एशिया कप के बाद स्काई की कैप्टेंसी के चर्चे चारो तरफ देखने को मिले और उन्होंने खूब वाहवाही लूटी. लेकिन अब उन्हें अपनी एक गलती पर पछतावा हो रहा है. हाल ही में शुभमन गिल को वनडे का नया कप्तान नियुक्त किया गया क्योंकि रोहित अपने करियर के अंतिम चरण पर हैं. कप्तानी में फेरबदल के कुछ ही दिन बाद सूर्यकुमार यादव ने बड़ा बयान दिया है.
ODI कप्तान बन सकते थे स्काई
सूर्यकुमार यादव को टी20 का किंग भी कहें तो गुरेज नहीं होगा. उन्होंने टीम इंडिया को कई मुकाबले अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर जिताए हैं. टी20 में उनके आंकड़े शानदार हैं. सीनिय खिलाड़ी और टी20 वर्ल्ड कप 2024 में खिलाड़ी के रूप में चैंपियन बनने के बाद सूर्या को टी20 की कमान सौंपी गई थी. अब सूर्या का मानना है कि अगर ओडीआई फॉर्मेट में उन्होंने मजबूत प्रदर्शन किया होता और लंबा मौका मिला होता तो उन्हें ओडीआई कप्तानी भी मिल सकती थी.
क्या बोले सूर्यकुमार यादव?
सूर्यकुमार यादव ने एक पॉडकास्ट में कहा ,’अब मैं सोचता हूं कि अगर मैंने ओडीआई फॉर्मेट में अच्छा किया होता, जैसे अभी टी20आई कप्तानी चल रही है, ओडीआई कप्तानी भी मिल सकती थी. अभी सोच रहा हूं मैं, पहले नहीं सोचता था. क्योंकि टी20 की तुलना में वह फॉर्मेट 30 ओवर और लंबा है. बॉल का कलर भी सेम है. जर्सी भी लगभग सेम है. अभी भी ट्राई करूंगा मैं. 100 परसेंट दूंगा मैं। ड्रीम तो है ही.’
ये भी पढे़ं… 15 छक्के, 25 चौके और 277 रन… रोहित शर्मा के 264 रन का रिकॉर्ड तोड़ चुका ये खूंखार बल्लेबाज, अब है डेब्यू का इंतजार
वाइफ से बात करते हैं स्काई
स्काई ने आगे बताया, ‘घर पर जब रहते हैं, हम यही डिस्कस करते हैं. वाइफ के साथ मैं यही बात करता हूं कि अगर ओडीआई क्रिकेट मेरा अच्छा गया होता, तो यू नेवर नो. जब रोहित भाई ओडीआई कप्तानी से रिटायर होंगे, उसके बाद कौन लीड करेगा? अगर आप अच्छा कर रहे हो, तो आप इस रेस में अच्छी तरह बैठेंगे. लेकिन अभी भी मौका नहीं गई है ओडीआई क्रिकेट की.’