छिंदवाड़ा जिले के उमरेठ में अधिवक्ताओं ने शनिवार को परासिया अनुविभाग में पदस्थ कार्यपालिक मजिस्ट्रेट एवं नायब तहसीलदार राम सूर्यवंशी के खिलाफ लोकसभा सांसद विवेक ‘बंटी’ साहू और जिला कलेक्टर हरेंद्र नारायण को लिखित शिकायत सौंपी।
.
अधिवक्ताओं ने शिकायत में आरोप लगाया कि नायब तहसीलदार द्वारा दांडिक प्रकरणों में अधिवक्ताओं से रुपए की मांग की जाती है। रुपए नहीं देने पर मामलों में गलत कार्रवाई की जाती है, जिससे विधि प्रक्रिया प्रभावित होती है और पक्षकारों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है।
अधिवक्ता सांसद और कलेक्टर को ज्ञापन देते हुए
प्रभावी कार्रवाई करने की मांग शिकायत में उमरेठ के सभी अधिवक्ता साथी मौजूद रहे। अधिवक्ता अभिषेक शर्मा ने कहा कि “हमने सांसद महोदय और कलेक्टर महोदय से निवेदन किया है कि इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य अधिवक्ता या पक्षकार को ऐसी स्थिति का सामना न करना पड़े।”
इस प्रकरण में नायब तहसीलदार राम सूर्यवंशी का पक्ष जानने के लिए उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका फोन नहीं लग सका।