सीहोर के चितावलिया हेमा स्थित निर्माणाधीन मुरली मनोहर एवं कुबेरेश्वर महादेव मंदिर में दीपावली का पर्व आस्था और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर परिसर को 21 हजार से अधिक दीपकों से रोशन किया जाएगा।
.
कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के मार्गदर्शन में विठलेश सेवा समिति और श्रद्धालुओं द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। मंदिर परिसर में आने वाले भक्तों के लिए रंग-बिरंगी रोशनी की व्यवस्था भी की गई है।
दीप पर्व को लेकर प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं। समिति की ओर से पंडित विनय मिश्रा और समीर शुक्ला सहित अन्य सदस्यों द्वारा भक्तों को भोजन प्रसादी वितरित की जा रही है। कार्तिक माह में यहां श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है।
मिट्टी की कला और दीयों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हर साल पंडित प्रदीप मिश्रा के निर्देश पर हजारों श्रद्धालु दीप प्रज्ज्वलित करने आते हैं। इस वर्ष भी पांच दिवसीय पर्व रूप चौदस, दीपावली, गोवर्धन पूजन और भाई-दूज का आयोजन विशेष पूजा-पाठ के साथ किया जाएगा।
इसके अलावा, आगामी दिनों में अन्नकूट महोत्सव का भी आयोजन किया जाएगा। मंदिर परिसर में दुनिया की सबसे बड़ी भोजनशाला संचालित की जा रही है, जहां आने वाले श्रद्धालुओं को निःशुल्क भोजन वितरित किया जाता है।
अन्नकूट महोत्सव सनातन धर्म का एक महत्वपूर्ण पर्व है। मान्यता है कि यह गोवर्धन पूजा का ही एक समारोह है, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण को 56 या 108 प्रकार के पकवानों का भोग लगाया जाता है। इन पकवानों से विभिन्न आकृतियां उकेरकर झांकी सजाई जाती है, इसलिए इसे अन्नकूट महोत्सव कहते हैं। इस प्रसादी का विशेष महत्व होता है।
देखिए तस्वीरें…


