कुलदीप यादव को क्यों नहीं मिली प्लेइंग इलेवन में जगह

कुलदीप यादव को क्यों नहीं मिली प्लेइंग इलेवन में जगह


नई दिल्ली. भारतीय टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव इस वक्त शानदार फॉर्म में हैं. कानपुर के 30 साल के क्रिकेटर ने एशिया कप 2025 में सबसे ज्यादा विकेट (सात मैचों में 17 विकेट) लिए और वेस्टइंडीज टेस्ट सीरीज में भी सबसे ज्यादा विकेट (दो मैचों में 12 विकेट) लिए. भारत के लिए पिछली कुछ सीरीज में गेंद से शानदार प्रदर्शन करने के बावजूद उनको पर्थ के पहले भारत-ऑस्ट्रेलिया वनडे में खेलने का मौका नहीं मिला.

कुलदीप पूरी तरह फिट हैं, लेकिन भारतीय टीम मैनेजमेंट ने तीन तेज गेंदबाजों और तीन ऑलराउंडर्स के साथ उतरने का फैसला लिया. तेज गेंदबाजी में कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल ने अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज और हर्षित राणा को उतारा तो वहीं नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर की ऑल राउंडर तिकड़ी के साछ जाने का फैसला लिया. इसी वजह से कुलदीप यादव को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली.

नितीश कुमार रेड्डी ने ऑस्ट्रेलिया में किया वनडे डेब्यू

गिल ने टॉस के दौरान कहा, “हमारे पास अनुभवी खिलाड़ियों और कुछ बेहतरीन खिलाड़ियों का शानदार संयोजन है. नितीश रेड्डी अपना डेब्यू कर रहे हैं और हम तीन तेज गेंदबाजों और तीन ऑलराउंडरों के साथ जा रहे हैं,”

नितीश ने अब तक टीम इंडिया के लिए नौ टेस्ट और चार टी20 मैच खेले हैं. पर्थ में अपना वनडे डेब्यू कर रहे हैं, और मोहम्मद सिराज भी इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज और इस साल की शुरुआत में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के लिए नजरअंदाज किए जाने के बाद प्लेइंग इलेवन में वापस आ गए हैं.

प्लेइंग इलेवन

भारत: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह

ऑस्ट्रेलिया: ट्रैविस हेड, मिचेल मार्श (कप्तान), मैथ्यू शॉर्ट, जोश फिलिप (विकेटकीपर), मैट रेनशॉ, कूपर कॉनॉली, मिचेल ओवेन, मिचेल स्टार्क, नाथन एलिस, मैथ्यू कुहनेमैन, जोश हेजलवुड

कुलदीप का वनडे रिकॉर्ड

कुलदीप ने अब तक टीम इंडिया के लिए कुल 113 वनडे मैच खेले हैं और 181 विकेट लिए हैं. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 23 वनडे मैचों में उन्होंने 31 बल्लेबाजों को आउट किया है. कुलदीप ने ऑस्ट्रेलिया में टीम इंडिया के लिए तीन 50 ओवर के मैच खेले हैं और उनके नाम तीन विकेट हैं.



Source link