IND vs AUS 1st ODI Perth: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच आज यानी 19 अक्टूबर को पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा. यह मैच भारतीय समयानुसार सुबह 9:00 बजे से शुरू होगा. फैंस को अपने पसंदीदा क्रिकेट स्टार रोहित शर्मा और विराट कोहली को खेलते देखने का बेसब्री से इंतजार है. रोहित शर्मा और विराट कोहली सात महीने के लंबे अंतराल के बाद टीम इंडिया में वापसी करेंगे, इससे पहले उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में हिस्सा लिया था.
छोटी दिवाली पर पर्थ में होगा बड़ा धमाका
छोटी दिवाली के दिन जब पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें आमने-सामने होंगी, तो रनों और छक्कों का बड़ा धमाका होना तय है. रोहित शर्मा और विराट कोहली रॉकेट की तरह छक्के उड़ाते नजर आ सकते हैं. रोहित शर्मा ने भारत के लिए अब तक 273 वनडे मैचों में 48.77 की औसत से 11168 रन बनाए हैं, जिसमें 3 दोहरे शतक, 32 शतक और 58 अर्धशतक शामिल हैं. इस दौरान उनका बेस्ट स्कोर 264 रन रहा.
आज रॉकेट की तरह छक्के उड़ाएंगे रोहित और विराट
विराट कोहली अभी तक 302 वनडे मैचों की 290 पारियों में 57.88 की बेहतरीन औसत से 14181 रन बना चुके हैं. विराट कोहली ने इस दौरान 51 शतक और 74 अर्धशतक जमाए हैं. विराट कोहली का वनडे इंटरनेशनल करियर में बेस्ट स्कोर 183 रन रहा है. विराट कोहली ने साल 2025 में 7 वनडे इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 45.83 की औसत से 275 रन बनाए हैं. विराट कोहली ने इस दौरान एक शतक और दो अर्धशतक जमाए हैं. वनडे के दो महान बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा पर्थ के मैदान में ऑस्ट्रेलियाई टीम पर कहर बनकर टूट सकते हैं.
रोहित और विराट के पास रिकॉर्ड्स की बरसात का मौका
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ में होने वाले इस मैच में विराट कोहली 54 रन बनाते ही कुमार संगकारा को पछाड़ते हुए वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर आ जाएंगे. विराट कोहली 54 रन बनाने के साथ ही वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 14,235 रन पूरे कर लेंगे. इस मामले में वह श्रीलंका के महान बल्लेबाज कुमार संगकारा (14,234) से आगे निकल जाएंगे. रोहित शर्मा जब आज ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ में पहला वनडे मैच खेलने उतरेंगे, तो वह इंटरनेशनल क्रिकेट में 500 का जादुई आंकड़ा छू लेंगे. दरअसल, रोहित शर्मा इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 500 मैच पूरे कर लेंगे.
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया हेड टू हेड रिकॉर्ड्स
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अभी तक 152 वनडे इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं, जिसमें से ऑस्ट्रेलिया ने 84 मैचों में जीत दर्ज की है. वहीं, टीम इंडिया ने 58 मुकाबलों में बाजी मारी है. इसके अलावा 10 मैच बेनतीजा रहे हैं. आखिरी पांच वनडे मैचों में भारत का पलड़ा ऑस्ट्रेलिया पर भारी रहा है. आखिरी पांच वनडे मैचों में भारत ने 3 मुकाबले जीते हैं. वहीं, ऑस्ट्रेलिया को 2 मैचों में जीत मिली है. आखिरी बार वनडे में भारत की ऑस्ट्रेलिया से टक्कर 4 मार्च 2025 को ICC चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में हुई थी. भारत ने इस मैच में ऑस्ट्रेलिया को 4 विकेट से हराया था.
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया वनडे सीरीज का शेड्यूल
पहला वनडे मैच – 19 अक्टूबर, सुबह 9:00 बजे, पर्थ
दूसरा वनडे मैच – 23 अक्टूबर, सुबह 9:00 बजे, एडिलेड
तीसरा वनडे मैच – 25 अक्टूबर, सुबह 9:00 बजे, सिडनी
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर) और यशस्वी जायसवाल.
ऑस्ट्रेलिया की वनडे टीम
मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, एलेक्स कैरी, कूपर कोनोली, बेन ड्वार्शुइस, नाथन एलिस, कैमरन ग्रीन, जोश हेडलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मिचेल ओवेन, मैथ्यू रेनशॉ, मैथ्यू शॉर्ट, मिचेल स्टार्क, एडम जाम्पा.