धार जिले की सरदारपुर विधानसभा क्षेत्र की राजगढ़ नगर परिषद में कर्मचारियों की उपस्थिति के लिए फेस अटेंडेंस (चेहरे से उपस्थिति) व्यवस्था लागू की गई है। इस नई प्रणाली से कार्यालय के बाहर काम करने वाले कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
.
इस व्यवस्था के तहत सभी कर्मचारियों के मोबाइल में आधार-आधारित ऐप इंस्टॉल किया गया है। ड्यूटी पर आने और जाने के दौरान कर्मचारियों को नगर परिषद कार्यालय की लोकेशन पर पहुंचकर ऐप में अपना चेहरा स्कैन करना होगा। इसके बाद ही उनकी उपस्थिति दर्ज हो सकेगी। ऐप में फेस स्कैन के लिए नगर परिषद कार्यालय की लोकेशन अनिवार्य है।
इस व्यवस्था के लागू होने के बाद सफाई कर्मचारियों द्वारा विरोध दर्ज कराया जा रहा है। उनका कहना है कि सुबह के समय वे सीधे अपने निर्धारित सफाई स्थलों पर जाते हैं। नई प्रणाली के कारण उन्हें ड्यूटी से पहले और बाद में उपस्थिति दर्ज कराने के लिए नगर परिषद कार्यालय जाना पड़ेगा, जिससे उन्हें अतिरिक्त समय और यात्रा करनी होगी।
वर्तमान में राजगढ़ नगर परिषद में कुल 181 अधिकारी और कर्मचारी कार्यरत हैं। यह नई व्यवस्था इन सभी पर लागू होगी, जिससे विशेष रूप से फील्ड में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए चुनौतियां बढ़ गई हैं।
दरअसल पूर्व में भी नप द्वारा बायोमेट्रिक मशीन से थम्स अटेंडेंस की व्यवस्था लागू की गई थी, लेकिन कुछ समय बाद वह व्यवस्था बंद हो गई और स्थानीय नप के सभी विभाग प्रमुखों द्वारा अपने-अपने स्तर पर कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज की जाने लगी।
स्कैन नहीं हो रहे फेस नप द्वारा नई व्यवस्था तो लागू तो कर दी गई है, लेकिन पांच कर्मचारियों के फेस स्कैन नहीं हो पा रहे हैं। ऐसे में उनकी उपस्थिति दर्ज नहीं हो रही है। हालांकि स्कैन संबंधित तकनीकी समस्या का शासन स्तर से हल निकाला जा रहा है। कर्मचारियों का कहना था कि अब तक वे अपने घर से सीधे कार्यस्थल जाते थे। इस व्यवस्था में समय की बचत होती थी। नप में ऐसे कई सफाईकर्मी हैं, जो त्रिमूर्ति नगर, दलपुरा, संजय कालोनी, इंद्रा कालोनी आदि स्थानों पर अलसुबह सफाई के लिए जाते हैं, लेकिन नई व्यवस्था के चलते उन्हें ड्यूटी के पहले और बाद में कार्यालय जाकर उपस्थिति दर्ज करानी पड़ेगी।
दूसरी ओर नप द्वारा रेलियां डैम, फूलगांवड़ी स्थित गोविंदपुरा जलाशय, स्मृति वन, वाटर वर्क्स आदि स्थानों पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाती है। अब उन्हें भी ड्यूटी के पहले और बाद में अटेंडेंस के लिए कार्यालय जाना पड़ेगा।
नगर परिषद राजगढ़ के सीएमओ ज्योति सुनारिया का कहना हैं कि शासन के निर्देशानुसार निकाय में कार्यरत कर्मचारियों की उपस्थिति को लेकर नई व्यवस्था लागू कर दी गई है। सभी कर्मचारियों से इसका पालन कराया जाएगा। जिन कर्मचारियों के फेस स्कैन नहीं हो रहे हैं, उसको लेकर शासन को अवगत करा दिया गया है। इसका समाधान जल्द हो जाएगा।