मंडला में सांसद ने धनतेरस पर दीये-झाड़ू खरीदी: वाहन शोरूमों में लोगों से मिले, मंत्री संपतिया उइके ने भी की खरीददारी – Mandla News

मंडला में सांसद ने धनतेरस पर दीये-झाड़ू खरीदी:  वाहन शोरूमों में लोगों से मिले, मंत्री संपतिया उइके ने भी की खरीददारी – Mandla News


मंडला में धनतेरस के अवसर पर सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते और पीएचई मंत्री संपतिया उइके ने बाजारों का दौरा किया और स्वदेशी दीपोत्सव मनाया।

.

सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने मंडला के मुख्य बाजार और विभिन्न वाहन शोरूमों का दौरा किया। उन्होंने क्रेता-विक्रेताओं से जीएसटी रिफॉर्म्स (GST 2.0) के तहत हुए बदलावों पर चर्चा की और बाजार की रौनक का जायजा लिया।

सांसद बोले- जीएसटी कम होने का मिल रहा फायदा

कुलस्ते ने बताया कि जीएसटी दरों में कमी से आम जनता को सीधा लाभ मिल रहा है। वाहन खरीदारों को चाबियां सौंपते हुए उन्होंने कहा कि जीएसटी कम होने से उपभोक्ताओं को राहत मिली है और अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहन मिला है।

जानकारी के अनुसार, GST 2.0 के तहत ट्रैक्टर की खरीद पर उपभोक्ताओं को लगभग ₹50,000 से ₹70,000 तक की बचत हो रही है, जबकि बाइक पर ₹5,000 से ₹20,000 तक की छूट मिल रही है।

सांसद ने दीये और झाड़ू खरीदी

सांसद कुलस्ते ने मंडला बाजार से मिट्टी के दीये, झाड़ू, पारंपरिक स्वदेशी उत्पाद और महिला स्वयं सहायता समूहों के निर्मित गोंडी चित्रकला और हस्तनिर्मित वस्तुएं खरीदीं। उन्होंने कहा कि स्वदेशी उत्पादों को अपनाने से सिर्फ दीयों की लौ नहीं जलती, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था में नई रोशनी फैलती है। उन्होंने ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान को सशक्त बनाने का संकल्प दोहराया।

मंत्री संपतिया उइके ने बाजार भ्रमण किया

वहीं, पीएचई मंत्री संपतिया उइके ने भी स्थानीय बाजार में जाकर देसी उत्पादों की खरीदारी की और लोगों को स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देने का संदेश दिया। इसके बाद उन्होंने मंडला के सरकारी कॉलेज आदिवासी गर्ल्स हॉस्टल में छात्राओं के साथ दीपोत्सव मनाया।

छात्रावास में छात्राओं ने रंगोली सजाई और दीप प्रज्ज्वलित कर परिसर को दिव्य वातावरण से भर दिया। मंत्री उइके ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मां लक्ष्मी और भगवान गणेश से प्रार्थना है कि सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य का प्रकाश सदैव बना रहे।

धनतेरस पर मंडला में सांसद और मंत्री दोनों ने ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश देते हुए स्वदेशी अपनाने और स्थानीय कारीगरों को सशक्त बनाने का आह्वान किया।



Source link