इंदौर में ट्रक हादसे में मां-बेटी की मौत: पति घायल; सड़क पार करते वक्त ट्रक ने मारी टक्कर, घसीटता ले गया – Indore News

इंदौर में ट्रक हादसे में मां-बेटी की मौत:  पति घायल; सड़क पार करते वक्त ट्रक ने मारी टक्कर, घसीटता ले गया – Indore News



इंदौर में सुपर कॉरिडोर स्थित टीसीएस चौराहे पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटी की मौत हो गई, जबकि महिला का पति घायल हो गया। घायल व्यक्ति का इलाज एक निजी अस्पताल में जारी है।

.

घटना के बाद स्थानीय रहवासियों ने चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया और आईडीए (इंदौर विकास प्राधिकरण) के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन भी किया।

एरोड्रम पुलिस थाना के अनुसार, हादसा टिगरिया बादशाह क्षेत्र में टीसीएस चौराहे के पास हुआ। यहां एक सिक्योरिटी गार्ड का परिवार सड़क पार कर रहा था, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।

हादसे में महिला कोकिला बाई को ट्रक ने कई फीट तक घसीटा, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं, उनकी 8 वर्षीय बेटी मनु उर्फ मानविका ने उपचार के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया।

वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

वहीं, गुस्साए लोगों ने चौराहे पर सड़क जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसीपी निधि सक्सेना मौके पर पहुंचीं और लोगों को समझाइश देकर जाम खुलवाया।

एक साल से कर रहे थे शिकायत, नहीं हुई कार्रवाई

रहवासियों का आरोप है कि इस चौराहे पर हादसों की आशंका को लेकर उन्होंने एक साल पहले ही पुलिस और आईडीए अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा था। साथ ही, सीएम हेल्पलाइन पर भी कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन स्पीड ब्रेकर के अलावा ट्रैफिक सिग्नल या कोई अन्य सुरक्षा उपाय नहीं किए गए।



Source link