दीपावली पर बाजारों में 60 करोड़ से अधिक का व्यापार: धनतेरस से दीवाली तक जूलरी, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स की बंपर बिक्री – Seoni News

दीपावली पर बाजारों में 60 करोड़ से अधिक का व्यापार:  धनतेरस से दीवाली तक जूलरी, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स की बंपर बिक्री – Seoni News


हिंदू धर्म के सबसे बड़े पांच दिवसीय दीपोत्सव पर्व की शुरुआत शनिवार को धनतेरस से हुई। धनतेरस से दीपावली तक बाजारों में जमकर खरीदारी हुई, जिससे जिले में 60 करोड़ रुपए से अधिक का व्यापार दर्ज किया गया।

.

इस दौरान जूलरी, बर्तन, कपड़े, ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ देखी गई। दीपावली के दिन सुबह से ही झाड़ू, बताशे, मिठाई, मिट्टी के दीये और पूजन सामग्री की दुकानों पर भी काफी चहल-पहल रही।

इस वर्ष चांदी के सिक्के और गणेश-लक्ष्मीजी की मूर्तियों की अच्छी मांग रही। जूलरी विक्रेताओं ने बताया कि लोगों ने कम वजन की फैशनेबल जूलरी को प्राथमिकता दी। सोने के दाम अधिक होने के बावजूद शुद्ध सोने की भी अच्छी खरीदारी हुई, जिससे व्यापार में वृद्धि दर्ज की गई।

इलेक्ट्रॉनिक और बर्तन के सामान की भी अच्छी बिक्री हुई। दुकानदारों के अनुसार, महिलाओं ने आकर्षक और हलके वजन की साड़ियों को पसंद किया। घरों को नया रूप देने के लिए फर्नीचर की खरीदारी भी देखने को मिली।

इसके अतिरिक्त पटाखे, मिट्टी के दीये, धान की लाई, फूलों की माला, मिठाइयां, पूजन सामग्री और बताशे जैसी अन्य सामग्रियों की भी खूब खरीदारी हुई।

बाजार में विभिन्न क्षेत्रों का व्यापार इस प्रकार रहा: ऑटोमोबाइल में 22 करोड़ रुपए, सराफा बाजार में 17 करोड़ रुपए, इलेक्ट्रॉनिक बाजार में 9 करोड़ रुपए, कपड़ा बाजार में 6 करोड़ रुपए, बर्तन बाजार में 7 करोड़ रुपए और पटाखा व अन्य सामग्री में 4 करोड़ रुपए का कारोबार हुआ।

दीपावली के दिन खरीदारी करने आए लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया। बाजार जहां ग्राहकों से गुलजार रहे, वहीं घरों में त्योहार की तैयारियां चलती रहीं। लोगों ने रात्रि में खरीदारी के बाद माता लक्ष्मी और गणेश जी का पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। आंगन, दुकानों और प्रतिष्ठानों के बाहर मनभावन रंगोली भी बनाई गई।



Source link