शिवपुरी में दीपावली पर्व की रौनक सोमवार सुबह से ही बाजारों में दिखाई दी। शहर के कोर्ट रोड, माधव चौक से लेकर गुरुद्वारा चौक तक हजारों की संख्या में खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। दुकानों पर इतनी भीड़ थी कि लोगों को खड़े होने की भी जगह नहीं मिल पा रही थी।
.
दीपावली पूजा की तैयारियों के लिए झालर, माला, कमल पुष्प, दीये, मनमंदिर सजावट और अन्य पूजन सामग्री की जोरदार खरीदारी की गई।
गोवर्धन पूजा और गौ पूजन की सामग्री खरीदने वालों की भी बाजारों में भीड़ देखी गई। कोर्ट रोड पर दुकानों के अलावा हाथ ठेला संचालक भी सड़कों पर मौजूद थे, जिससे मुख्य मार्गों पर आवाजाही में परेशानी हुई।
दीपावली की पूजा अर्चना सोमवार शाम को की गई, जिसके लिए लोग पूरे दिन तैयारियों में व्यस्त रहे। प्रशासन ने त्योहार पर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए। शहर के प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया था।
जिला प्रशासन ने रात 8 बजे से 10 बजे तक ग्रीन पटाखे चलाने का समय निर्धारित किया।
दीपावली पर्व की खुशियों के अवसर पर कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी और पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौर ने जिलेवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर चौधरी ने कहा कि दीपावली नई ऊर्जा, प्रेरणा और सफलता का प्रतीक है। उन्होंने कामना की कि दीपों की उजास की तरह हर घर में खुशहाली, आनंद और शांति का संचार हो। उन्होंने नागरिकों से सुरक्षित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल तरीके से दीपावली मनाने, खतरनाक पटाखों से बचने और बच्चों पर विशेष निगरानी रखने की अपील की।
तस्वीरों में देखें बाजारी की रौनक


