वेस्टइंडीज की टीम 21 अक्टूबर को बांग्लादेश के खिलाफ दूसरा वनडे मैच खेलने उतरेगी. पहले वनडे में बांग्लादेश ने जीत दर्ज कर 1-0 से बढ़त बना रखी है. लेकिन दूसरे मुकाबले से पहले विंडीज के लिए बुरी खबर आई. वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज शमर जोसेफ कंधे में दर्द से बांग्लादेश वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं. इंडिया टूर भी जोसेफ ने इंजरी के चलते मिस कर दिया था. अब जब वह इस सीरीज में वापसी करने वाले थे तो एक बार फिर चोटिल हो गए हैं.
CPL से इंजरी ने घेरा
जोसेफ को ढाका में वनडे और टी20 स्क्वॉड में चुना गया था. क्रिकेट वेस्ट इंडीज (सीडब्ल्यूआई) ने बताया कि जोसेफ को इंग्लैंड में विशेषज्ञ डॉक्टर से सलाह लेने और इलाज शुरू करने की सिफारिश की गई है. वे सितंबर में कैरेबियन प्रीमियर लीग (सीपीएल) के बाद से कोई प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेल पाए हैं. सीपीएल में उन्होंने गुयाना अमेजन वॉरियर्स के लिए सिर्फ 5 मैच खेले थे. भारत टेस्ट सीरीज भी वे अनिर्दिष्ट चोट के कारण चूक गए.
एक और प्लेयर इंजर्ड
जोसेफ ही नहीं बल्कि 23 साल के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जेडिया ब्लेड्स को कमर में तनाव फ्रैक्चर हो गया है. वह बांग्लादेश दौरे के अलावा न्यूजीलैंड दौरे से भी बाहर हैं. वे घर लौटकर इलाज करेंगे. ब्लेड्स ने अब तक 9 व्हाइट बॉल इंटरनेशनल मैच खेले हैं. सीरीज पर इंडीज को पहला वनडे 18 अक्टूबर 2025 को डाक्का में 74 रनों से हार मिली.
ये भी पढे़ं.. 38 साल की उम्र में डेब्यू… कौन है पाकिस्तान टीम में एंट्री पाने वाले दूसरे उम्रदराज खिलाड़ी, हसन अली का काटा पत्ता
कौन करेगा रिप्लेस?
21 अक्टूबर को विंडीज की टीम के लिए मुकाबला करो या मरो की स्थिति के समान होगा. अगर विंडीज की टीम इस मुकाबले में हार जाती है तो सीरीज गंवा बैठेगी. विंडीज ने बाकी दो वनडे के लिए ऑलराउंडर अकील होसिन और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज रेमन सिमंड्स को स्क्वॉड में शामिल किया है. दोनों पहले से टी20आई सीरीज के लिए चुने गए थे.