Last Updated:
IND W vs ENG W: भारतीय महिला टीम को स्मृति मंधाना, कप्तान हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा के अर्धशतकों के बावजूद रविवार को यहां आईसीसी महिला वनडे विश्व कप में इंग्लैंड से चार रन से हार का सामना करना पड़ा.
इंदौर: एक वक्त आसानी से जीत की ओर बढ़ती दिख रही भारतीय टीम को महिला वनडे वर्ल्ड कप में लगातार तीसरी हार का मुंह देखना पड़ा. इस जीत के साथ ही इंग्लैंड सेमीफाइनल में पहुंचने वाली तीसरी टीम बन गई है जबकि भारतीय टीम अंत में आकर एकबार फिर फिनिशिंग लाइन क्रॉस नहीं कर पाई. भारत अपनी लापरवाही के चलते चार रन से मैच हारा.
इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेले गए इस मैच में लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के लिए स्मृति मंधाना (88 रन), हरमनप्रीत कौर (70 रन) और दीप्ति शर्मा (50 रन) के अर्धशतक भी काम नहीं आ सके. 289 रन के लक्ष्य के जवाब में टीम 50 ओवर में छह विकेट पर 284 रन ही बना पाई.
स्मृति की लापरवाही पड़ी टीम पर भारी
41वें ओवर की शुरुआत से पहले टीम का स्कोर 233/3 था. जीत के लिए 54 गेंदो में सिर्फ 56 रन चाहिए थे. स्मृति मंधाना और दीप्ति शर्मा के बीच बढ़िया साझेदारी हो चुकी थी. मगर ओवर की दूसरी गेंद पर स्मृति की लापरवाही टीम पर भारी पड़ गई. लिंसे स्मिथ ने ऑफ स्टम्प पर धीमी गति से डाली गई फुल गेंद पर स्मृति ने सामने की तरफ चिप किया. शॉट बेहद थकाऊ था इसलिए मिस टाइम हुआ. गेंद हवा में गई, जहां फील्डर ने उसे लपक लिया. स्मृति मंधाना न सिर्फ 88 रन पर आउट होने के साथ अपने शतक से चूकीं बल्कि टीम को बीच मंझधार में भी छोड़ दिया.
अंपायर से स्मृति की बहस
इससे पहले स्मृति मंधाना उस वक्त अंपायर से बहस करतीं नजर आईं जब हरलीन देओल आउट हुईं. दरअसल, हरलीन को अंपायर ने आउट दे दिया. हरलीन डेड डेड प्लम्ब थीं. यानी शार्लेट डीन ने उन्हें क्लीन एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया. 24 रन बनाकर आउट हुईं हरलीन देओल के खिलाफ उंगली उठाने के लिए अंपायर ने भरपूर समय लिया. स्मृति मंधाना और हरलीन के बाच रिव्यू के लिए बातचीत हुई. अंपायर ने बताया कि उनका रिव्यू लेने का 15 सेकंड समाप्त हो गया था. इस तरह 10वें ओवर में भारत का स्कोर 42/2 हुआ.
अब सेमीफाइनल के लिए क्या समीकरण?
यह भारतीय टीम की लगातार तीसरी हार थी जबकि इंग्लैंड ने इस जीत से सेमीफाइनल में जगह पक्की की. इंग्लैंड इस तरह सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के साथ शामिल हो गया. वहीं भारत की यह दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया से पराजय के बाद लगातार तीसरी हार थी. इससे भारत अब करो या मरो की स्थिति में पहुंच गया है और उसे आखिरी सेमीफाइनल स्पॉट हासिल करने के बचे हुए दोनों मैच जीतने होंगे. भारत का अगला मैच गुरुवार को न्यूजीलैंड से होगा.
फरवरी 2025 से नेटवर्क 18 समूह में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में एक दशक का अनुभव. बतौर रिपोर्टर कई नेशनल-इंटरनेशनल इवेंट के साक्षी. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से करियर की शुरुआत. जागरण न्यू मीडिया…और पढ़ें
फरवरी 2025 से नेटवर्क 18 समूह में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में एक दशक का अनुभव. बतौर रिपोर्टर कई नेशनल-इंटरनेशनल इवेंट के साक्षी. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से करियर की शुरुआत. जागरण न्यू मीडिया… और पढ़ें