सीहोर में सोमवार दोपहर नर्मदा नदी के ऐतिहासिक बुधनी घाट पर एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान भोपाल निवासी 18 वर्षीय सूरज विश्वकर्मा के रूप में हुई है, जो अपने चार साथियों के साथ नर्मदा स्नान करने आया था।
.
दोस्तों के साथ नहाने आया था युवक जानकारी के अनुसार, सूरज अपने साथियों दीपक और राजेश विश्वकर्मा के साथ नहा रहा था, तभी वह अचानक गहरे पानी में चला गया और लापता हो गया। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय युवकों वरुण माझी, दीपक यादव और दीपक मेहरा ने नदी में उतरकर शव को बाहर निकाला। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि पिछले तीन महीनों में यह तीसरा ऐसा हादसा है। लगातार हो रही इन घटनाओं के बावजूद प्रशासन और बुधनी नगर परिषद की लापरवाही पर सवाल उठ रहे हैं। घाट पर न तो सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम हैं और न ही चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं की जान जोखिम में बनी हुई है।