शाजापुर के अति प्राचीन गोवर्धन नाथ मंदिर हवेली में मंगलवार को गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर ठाकुर जी को छप्पन भोग अर्पित किए गए और उनका विशेष श्रृंगार किया गया।
.
सुबह प्रभु श्री गोवर्धन नाथ जी, गोवर्धन पर्वत और गौ माता का पूजन विधि-विधान से संपन्न हुआ। शाम 6:30 बजे से अन्नकूट छप्पन भोग महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न प्रकार के व्यंजन समर्पित किए गए।
मंदिर के मुखिया निकुंज मेहता और योगेश मेहता ने बताया कि यह हवेली लगभग 350 वर्ष प्राचीन है। यहां हर वर्ष पुष्टीमार्गी परंपरा के अनुसार यह महोत्सव आयोजित किया जाता है।
इस अवसर पर मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में भक्त मौजूद रहे। भजन-कीर्तन की गूंज से वातावरण भक्तिमय बना रहा। शहर के रणछोड़ दास मंदिर और राधा कृष्ण मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भी श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर भगवान के दर्शन किए।
अन्नकूट महोत्सव में ठाकुर जी के दर्शन और भोग वितरण का क्रम देर रात तक जारी रहा।

