आगर मालवा में बुधवार को गोवर्धन पूजा का पर्व पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। जिलेभर के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं ने गोबर से गोवर्धन पर्वत बनाकर पूजन किया। गोधन पालकों ने भी अपने गोवंश की पूजा की।
.
परंपरा के अनुसार गोवर्धन पूजा के दिन गायों को ‘छेड़ा’ खिलाने का रिवाज है। इसमें लकड़ी से बंधे बछड़े के चमड़े को गाय के सींगों के सामने रखा जाता है, जिसे गाय फाड़ देती है। ऐसी गाय को पूजनीय मानकर उसका सम्मान किया जाता है।
स्थानीय श्री माधव गोशाला समिति, आगर में पड़वा पर्व पर सामूहिक गोपूजन कार्यक्रम आयोजित हुआ। गोशाला में संरक्षित लगभग 750 गोमाताओं का पूजन पं. नरेंद्र शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष निलेश जैन पटेल, संस्था अध्यक्ष अधिवक्ता सुरेंद्र कुमार मारू, सचिव संजय जायसवाल और कोषाध्यक्ष रमेशचंद्र अटल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सचिव जायसवाल ने संस्था की गतिविधियों की जानकारी दी, जबकि अतिथियों ने गोसेवा और गोमाता के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के दौरान गोशाला में प्रतिदिन सेवा देने वाले कर्मचारियों को वस्त्र और मिठाई भेंटकर सम्मानित किया गया। अंत में वर्षभर का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम समापन के बाद गायों को पारंपरिक रूप से छेड़ा खिलाया गया।

