प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने अपनी पत्नी के साथ लामगरी-नगरी स्थित कमलमुनि चिन्मयानंद गौशाला में गोवर्धन पूजा और गौ पूजा की। उन्होंने गायों को गुड़ और रोटी खिलाई तथा बछड़ों को दुलारा।
.
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए गौ सेवा के महत्व पर कहा कि सभी को गौ माता की सेवा करनी चाहिए और उन्हें पालना चाहिए। उन्होंने सनातन संस्कृति को प्रकृति से जुड़ाव का प्रतीक बताया।
उपमुख्यमंत्री ने स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का मार्ग स्वदेशी से होकर जाता है। उन्होंने छोटे और कुटीर उद्योगों से निर्मित वस्तुएं खरीदने तथा ‘हर घर स्वदेशी’ का संकल्प लेने की अपील की।
साथ ही 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए स्वदेशी अपनाने पर बल दिया। उन्होंने गौशाला में शीघ्र बिजली व्यवस्था कराने का आश्वासन भी दिया।
राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर ने प्रकृति संरक्षण को हमारा दायित्व बताया और सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने किसानों को सोयाबीन के लिए शुरू की गई भावांतर भुगतान योजना की विस्तृत जानकारी दी, जिसे किसानों और व्यापारियों के बीच सेतु बताया गया।
कार्यक्रम के अंत में उप मुख्यमंत्री ने गौशाला के सेवादारों का सम्मान किया और अन्नकूट प्रसाद ग्रहण किया।
इस दौरान लोकसभा सांसद सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, जनपद पंचायत अध्यक्ष बसंत शर्मा और नगर परिषद अध्यक्ष संगीता घनश्याम बगड़ सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
देखें तस्वीरें


